उद्योग बंधु की बैठक में आईआईए ने उठाए ज्वलंत मुद्दे

औद्योगिक समस्याओं के निस्तारण के डीएम ने दिए निर्देश

गाजियाबाद। जिला मुख्यालय सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के प्रतिनिधियों ने भी डीएम के समक्ष विभिन्न समस्याओं को रखा। आईआईए के प्रतिनिधियों ने कुछ ज्वलंत मुद्दों को उठाया।

बैठक में सर्वप्रथम जिला पंचायत परिषद के अपर मुख्य अधिकारी ने अवगत कराया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में 24,18,520 रुपए उक्त क्षेत्र से टैक्स के रूप में मिले है, जिसका 60 प्रतिशत उक्त क्षेत्र में नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं सड़कों की सफाई का कार्य कराया जाएगा। इस पर डीएम ने कहा कि ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी औद्योगिक क्षेत्र लोनी में सड़कों की सफाई का कार्य का विवरण अगली बैठक में लिखित रूप में प्रस्तुत किया जाए। बैठक में आईआईए गाजियाबाद चैप्टर के चेयरमैन मनोज कुमार ने अवगत कराया कि एयु स्मॉल फाइनेंस बैंक द्वारा मैसर्स रश्मि इलेक्ट्रिकल्स पर क्लॉजर चार्ज वसूल किया जा रहा है, जबकि आरबीआई के निर्देशों के क्रम में एमएसएमई इकाई द्वारा उद्यम पंजीकरण बैंक में जमा करने पर क्लॉजर चार्ज नहीं लगेगा, जिसकी बैंक अवहेलना कर रहा है तथा जिला अग्रणी प्रबंधक, गाजियाबाद को भी कोई प्रत्युत्तर नहीं दे रहा है।

उक्त प्रकरण पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एमएसएमई की बैंकिंग से संबंधित समस्याओं पर सभी बैंक शाखाओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर प्रकरणों का निस्तारण कराया जाएगा। आईआईए गाजियाबाद चैप्टर के चेयरमैन ने यह भी बताया कि उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा किसी इकाई अथवा फर्म में अंशधारिता परिवर्तन पुन: हस्तांतरण या स्टाम्प शुल्क वसूल किया जाता है, जबकि अन्य प्राधिकरण में ऐसा नहीं है। इस पर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि आप लिखित रूप में संयुक्त आयुक्त के माध्यम से उक्त प्रकरण को जिला उद्योग बंधु बैठक के एजेंडा में भेजें। उक्त प्रकरण पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने गाजियाबाद में जाम की समस्या के सापेक्ष में पुलिस अधीक्षक नगर को अवगत कराया कि लाल कुआं से दिल्ली बॉर्डर तक ऑटो चालकों के खड़े होने की स्थायी व्यवस्था न होने के कारण अत्यधिक जाम रहता है। अत: लाल कुआं से दिल्ली बॉर्डर तक ऑटो चालकों के ठहरने के लिए जगह चिन्हित की जाए। बैठक में निपुण अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक (नगर), बीरेन्द्र कुमार संयुक्त आयुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, उत्सव शर्मा क्षेत्रीय अधिकारी उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आईआईए गाजियाबाद चैप्टर की तरफ से प्रदीप कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव साकेत अग्रवाल, को-चेयरमैन, आईए तथा इम्पोर्ट व एक्सपोर्ट समिति, मनोज कुमार, चेयरमैन, अरुण गुप्ता, संयुक्त सचिव व अमित बंसल कार्यकारिणी सदस्य के अलावा विभिन्न औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन बीरेंद्र कुमार ने किया।