- जिलाधिकारी ने खनन प्रभार सौंपा, नियम तोड़ने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
उदय भूमि संवाददाता
गाजि़याबाद। जिले में अवैध खनन पर सख्ती बरतने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय को खनन प्रभार सौंपा है। जबकि खनन का वरिष्ठ प्रभार एडीएम (एफ/आर) सौरभ भट्ट के पास निहित रहेगा। यह फैसला जिले में खनन गतिविधियों की पारदर्शिता और सुशासन सुनिश्चित करने तथा अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए लिया गया है। प्रभार संभालने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. उपाध्याय ने साफ शब्दों में कहा कि कार्यक्षेत्र में किसी भी स्तर पर अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी महोदय एवं एडीएम वित्त/राजस्व के निर्देशों के क्रम में यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया गया तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने खनन पट्टाधारकों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों से छेड़छाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम गठित की जाएगी, जो समय-समय पर खनन स्थलों का औचक निरीक्षण करेगी। इसके साथ ही, खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की भी जांच होगी, ताकि अवैध परिवहन और तस्करी पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। डॉ. उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि खनन कार्य केवल निर्धारित मानकों और वैध अनुमति के दायरे में ही किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण और सरकारी राजस्व की हानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने उम्मीद जताई है कि सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. उपाध्याय की कड़ी निगरानी और सख्त रुख से जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगेगा। साथ ही, खनन से होने वाली सरकारी राजस्व की हानि भी प्रभावी रूप से रोकी जा सकेगी।
















