जिले में बनी 3 महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी, एसएसपी ने किया निरीक्षण
गाजियाबाद। जनपद में आपराधिक घटनाओं का शिकार महिलाओं की शिकायतों का निस्तारण करने को 3 महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनाई गई हैं। प्रदेश शासन के आदेश पर महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने को इन चौकी का तत्काल प्रभाव से क्रियान्वयन कर दिया गया। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ और साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु कौशिक आदि की मौजूदगी में साहिबाबाद थाने में बनाई जा रही महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने बताया कि जिले में एकमात्र महिला थाना होने के कारण महिलाओं से संबंधित अपराध और प्रकरणों के निस्तारण में देरी होने से शासन के निर्देशानुसार जिले में 3 महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनाई गई हैं। इनमें एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह और एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा के अधीन एक-एक महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी तत्काल प्रभाव से क्रियान्वित करने के आदेश दिए गए हैं।
एसपी सिटी प्रथम के अधीन कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजनगर सेक्टर-3 पुलिस चौकी और एसपी सिटी द्वितीय के अधीन थाना साहिबाबाद अंतर्गत चौकी कस्बा और एसपी ग्रामीण के अधीन मुरादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा चौकी मुरादनगर को महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनाई गई हैं। साहिबाबाद थाना परिसर में महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की तैयारियों को लेकर एसएसपी ने निरीक्षण किया।
यह सभी पुलिस चौकी महिला थाने से संबंद्ध रहेगी। इन पुलिस चौकी पर महिला दारोगा चौकी प्रभारी, 2 महिला हेड कांस्टेबल, 2 महिला सिपाही, 2 पुरूष सिपाही तैनात किए गए हैं। एसएसपी ने पुलिस चौकी पर तैनात किए गए सभी पुलिस कर्मियों को महिलाओं से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, एसएसपी ने थाना टीला मोड़ और करन गेट चौकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संपत्ति, मालखाना, अभिलेखों की गुणवत्ता, परिसर और पुलिस कर्मियों की बैरक में साफ-सफाई का जायजा लिया। जिले में किसी भी थाने के वार्षिक निरीक्षण के लिए सीओ लाइन के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाई गई है। कुल 6 टीमें बनाई गई हैं। एसएसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी करने और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमों की कार्रवाई करने और नई बीट स्थापित कर अधिक बीट सूचनाएं अंकित करने के निर्देश दिए।
















