14 जनवरी तक सोमवार, बुधवार और शनिवार चलेगा अभियान
गाजियाबाद। जनपद में सभी 102 एएनएम उपकेंद्रों पर शनिवार को ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) का आयोजन किया गया। इस मौके पर आशा और एएनएम ने पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई। इसके साथ ही सोमवार को आयोजित होने वाले खुशहाल परिवार दिवस के बारे में जानकारी दी गई। जनवरी, 2020 या उससे बाद मां बनी महिलाओं को खासतौर पर अपने पति के साथ खुशहाल दिवस में पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) अनुराग भारती ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं ने कम्यूनिटी प्रोसेस अनुभाग द्वारा तैयार कराए गए वीडियो के जरिए परिवार नियोजन के लाभ बताए। परिवार नियोजन कैसे और क्यों अपनाएं, इस बात की भी विस्तार से जानकारी दी गई। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों का वजन किया और कम वजन वाले बच्चों के माता-पिता की काउंसलिंग भी की। जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वार्ष्णेय ने बताया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लगातार घर-घर जाकर बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दिलाने के लिए उनके माता-पिता को प्रोत्साहित कर रही हैं। शनिवार को जनपद के सभी एएनएम उप-केंद्रों पर बच्चों का टीकाकरण किया गया और विटामिन-ए की खुराक पिलाई गई। डीपीओ ने बताया बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए बाल स्वास्थ्य पोषण माह के अंतर्गत 14 जनवरी तक विटामिन की खुराक पिलाई जाएगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. विश्राम सिंह ने बताया हर सोमवार, बुधवार और शनिवार को एएनएम उपकेंद्रों पर आयोजित वीएचएनडी सत्रों के अलावा विटामिन ए की खुराक जनपद के सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पिलाई जा रही है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक अवश्य पिलाएं। दंपति द्वारा बताए गए विकल्प के अलावा उन्हें निशुल्क उपलब्ध अन्य विकल्पों की भी जानकारी दी गई। काउंसलिंग के बाद दंपति ने परिवार नियोजन का स्थायी विकल्प अपनाने के लिए मन बनाने की बात कही। इस पर दंपति को 21 दिसंबर को आयोजित होने वाले खुशहाल परिवार दिवस में आने की सलाह दी गई।

















