जीडीए की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक आज

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की शनिवार को मेरठ मंडल की मंडलायुक्त एवं जीडीए चेयरमैन अनीता सी मेश्राम की अध्यक्षता में सुबह साढ़े 11 बजे जीडीए सभागार में 157वीं बोर्ड बैठक होगी। बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष का करीब 1100 करोड़ रुपए का बजट के अलावा 19 प्रस्ताव रखे जाएंगे। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष का बजट अहम होगा। इसके अलावा 19 प्रस्तावों में प्रमुख रूप से जीडीए की योजनाओं में खाली भवनों का पहले आओ पहले पाओ के आधार पर बिक्री करना, मधुबन-बापूधाम योजना के वर्ष-2008 में स्वीकृत विकसित भूमि दर का संशोधित मूल्यांकन करने, पीएम आवास योजना के तहत 4.50 लाख रुपए से भवनों की कीमत बढ़ाकर 6 लाख रुपए करने, सुरक्षा के लिए गार्ड नियुक्ति, 5 लाख से अधिक बिलों का भुगतान, शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 8 टोइंग क्रेन किराए पर लेकर एक साल के लिए ट्रैफिक पुलिस को देने, विकास शुल्क 3314 रुपए प्रतिवर्ग मीटर के सापेक्ष 1200 रुपए प्रति वर्ग मीटर करने संबंधी प्रस्ताव के अलावा नेहरू नगर स्थित सेंट्रल गोदाम की जमीन का भू-उपयोग परिवर्तित करने आदि प्रस्ताव रखे जाएंगे। जीडीए ने बोर्ड बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।