गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में गाजियाबाद शहर की बेहतर रैंकिंग दिलाने में सफाई कर्मचारियों की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। इसके मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने सफाई कर्मचारियों के कार्यों की सराहना कर उन्हें सम्मानित किया है। नगरायुक्त ने गाजियाबाद को मिले सम्मान का श्रेय भी स्वास्थ्य प्रहरियों को दिया है।
इसके अलावा उनकी मांगों के संबंध में बनाई जा रही योजनाओं की घोषणा की है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में गाजियाबाद की स्थिति में पहले से काफी सुधार आया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 में गाजियाबाद ने देश में 18वां और उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस कामयाबी के लिए मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने पूरा श्रेय नगर निगम के स्वास्थ्य प्रहरियों को दिया है।
प्रशस्ति पत्र बांटे गए
नगरायुक्त तंवर ने सभी सफाई कर्मचारियों, सफाई नायकों, मालियों तथा स्वास्थ्य विभाग के ड्राइवरों आदि को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र व मिठाई वितरित की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को अवार्ड का असली हकदार बताया। नगरायुक्त ने बताया कि किन-किन कार्यों के कितने अंक किस प्रकार शहर को प्राप्त हुए हैं ताकि भविष्य में भी सफाई कर्मी कार्यों को समझ कर उनके अंकों की महत्ता को समझ शहर हित में कार्य करें।
नगरायुक्त द्वारा गार्बेज फ्री सिटी की विस्तृत जानकारी व अंक सह कर्मियों के साथ साझा किए गए। साथ ही मंच से सफाई कर्मियों की सहूलियत को बढ़ाने का ऐलान किया गया, जिसमें उनके वेतन में वृद्धि, पीएफ, ईएसआई के लाभ इत्यादि योजना की घोषणा की गई।
कर्मचारियों को प्रेरित किया
स्वच्छता सर्वेक्षण में आगे भी बेहतर अंक यानी उत्तर प्रदेश में नंबर वन तथा भारत में टॉप-10 में अंक प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत लगन से कार्य करने के लिए नगर निगम अधिकारियों तथा कर्मचारियों को प्रेरित किया गया।
नगरायुक्त ने पार्षदों, नागरिकों, वॉलिंटियर्स तथा टीम हंड्रेड गाजियाबाद का विशेष आभार जताया। कार्यक्रम में पार्षद अनिल स्वामी, साक्षी नारंग, राजेंद्र तितोरिया, प्रदीप चौहान, देवेंद्र भारती ने सफाई कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जोनल प्रभारी सुधीर शर्मा, पार्षद संजय सिंह आदि उपस्थित रहे।
पार्षदों ने भी सराहना की
उधर, अन्य जोन में अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, अरुण कुमार यादव, शिव पूजन यादव मौजूद रहे। कविनगर जोन से पार्षद हिमांशु मित्तल, राजेंद्र त्यागी, राजकुमार नागर, मनोज चौधरी, वेदपाल, सतपाल यादव, सोहनवीर, निशा चौधरी, मोहन नगर जोन से पार्षद चतर सिंह, सचिन डागर, अनिल राणा, विनोद शर्मा, वसुंधरा जोन से पार्षद मनोज गोयल, भगवान अग्रवाल, महेंद्र चौधरी, नीलम भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
















