पंचायती चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी सभी सीटों पर ठोकेगी ताल

गाजियाबाद। पंचायती चुनाव का बिगुल बजते ही राजनैतिक पार्टियों ने ताल ठोकनी शुरू कर दी है। पंचायती चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारने का ऐलान कर दिया है। मंगलवार को राकेश मार्ग पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरन आम आदमी पार्टी के गाजियाबाद चुनाव प्रभारी सचिन तेवतिया ने कहा कि पंचायती चुनाव में पार्टी हर पद पर अपने प्रत्याशी उतारेगी और पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। केंद्र व यूपी की भाजपा सरकार से जनता पूरी तरह से त्रस्त आ चुकी है और उसके छुटकारा पाना चाहती है। जिला अध्यक्ष चेतन त्यागी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचार चरम सीमा पर है। आए दिन पेट्रोल, डीजल और गैस पर दाम बढ़ाए जा रहे हैं। जिससे आम जनता की कमर टूट रही है। पार्टी लगातार इसका विरोध कर रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को किसान विरोधी कानून वापस लेना चाहिए। पार्टी पूरी तरह से किसानों के साथ हैं। बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों को दिल्ली की सरकार ने बिजली, पानी और वाईफाई जैसी सुविधाएं दी है। प्रवक्ता के मीडिया प्रभारी मनोज त्यागी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला प्रदेश है। बावजूद इसके यहां की जनता को उसके हिसाब से सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उत्तर प्रदेश की जनता चाहती है कि जिस तरह की सुविधाएं मुख्यमंत्री केजरीवाल दिल्ली की जनता को दे रहे हैं। उस तरह की सुविधाएं भी मिलनी चाहिए। भाजपा सरकार ने महंगाई में बढ़ोतरी करके आम लोगों के साथ व्यापारियों का जीना भी मुश्किल कर दिया है। इस दौरान संगठन अध्यक्ष अभिषेक सीकरी, जिला उपाध्यक्ष मोहित अग्रवाल और विजय शर्मा के अलावा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अरुण कुमार मौजूद रहे।