-महाराष्ट्र, केरल, पंजाब तथा छत्तीसगढ़ राज्यों के लोगों शतप्रतिशत हो कोविड टेस्टिंग
गाजियाबाद। जिले में कोरोना संक्रमण के मरीजों के बढऩे के चलते अब जिले में कोविड टीकाकरण में तेजी लाई जाएगी। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में टीका करण को लेकर गंभीर हैं। समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से फीडबैक लेने के बाद जिलाधिकारी सीधे जमीनी हकीकत जानने के लिए ब्लॉक भोजपुर ओर डासना में निरीक्षण के लिए पहुंचे। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण कम हो रहा है इसलिए वह हकीकत जानने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कुछ दिनों में महाराष्ट्र से जनपद में ट्रेन से 134 लोग आए थे, जिनका कोविड टेस्ट कराया गया। कोविड टेस्ट में सभी 134 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिले में एहतियात बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार को प्रभारी बनाते हुए निर्देशित किया है कि वह पुराना रेलवे स्टेशन पर महाराष्ट्र, केरल, पंजाब तथा छत्तीसगढ़ राज्यों से आने वाले लोगों पर सतर्क दृष्टि रखेंगे। इन राज्यों से स्टेशन पर आने वाले लोगों की शत-प्रतिशत कोविड टेस्टिंग सुनिश्चित कराएंगे। इन राज्यों से आने वाली ट्रेनों के आगमन के समय पर सिटी मजिस्ट्रेट स्वयं उपस्थित रहकर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को टेस्टिंग हेतु जानकारी उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान टीकाकरण को लेकर सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता, डॉ.विश्राम सिंह, एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी, एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
ग्राम प्रधानों के साथ एडीएम करेंगे बैठक
जिलाधिकारी ने कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों में संबंधित एडीएम को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करें। जिलाधिकारी ने तहसील मोदीनगर के लिए एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, तहसील लोनी में एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी,तहसील सदर गाजियाबाद के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव को प्रभारी बनाया हैं। खोड़ा में सबसे ज्यादा 248 लोगों ने लगवाया टीका:जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में महाराजपुर में 45, खोडा में 248, दुहाई-डासना में 56, अटौर-डासना में 56, भोवापुर-डासना में 63, ग्यासपुर मुरादनगर में 67, निवाडी-मुरादनगर में 47, चिरौडी-लोनी में 49,फर्रूखनगर-लोनी में 40, मंडौला-लोनी में 49, फरीदनगर भोजपुर में 54 एवं जवाहरनगर में 67 लोगों को बुधवार को कोविड का टीका लगाया गया। जिलाधिकारी ने कम टीका करण वाले केंद्रों के एमओआईसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता को दिए। जिलाधिकारी ने जिले के सभी टीकाकरण केंद्रों पर एक पंजिका रखवाने का निर्देश दिए। इस पंजिका में कोविड का टीका लगवाने आने वाले सभी लोग अपना फीडबैक अंकित करेंगे। इसके साथ ही लाभार्थी यह लिखेंगे कि वह किसके द्वारा प्रोत्साहित किए जाने पर टीका लगवाने आए हैं। डीएम ने कहा कि जिस टीकाकरण केंद्र का फीडबैक सबसे उत्कृष्ट होगा, उस केंद्र को सम्मानित किया जाएगा। जिस केंद्र का फीडबैक खराब होगा। वहां के प्रभारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
















