मोदी सरकार के 7 साल में भारत ने हासिल कीं अभूतपूर्व उपलब्धि: सुरेश खन्ना

-गरीबों तक पहुंची सरकार की सभी योजनाएं

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को भाजपा की जिला एवं महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं के साथ ऑनलाइन संवाद किया। जिसमें सभी को प्रशिक्षण दिया गया। यह शिविर केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने के लिए बलाई गई थी। केंद्र सरकार के 7 साल और उप्र सरकार के 4 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कैबिनेट मंत्री खन्ना ने करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियां एवं कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला। साथ भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए काम करने की अपील की। प्रशिक्षण शिविर को कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने संबोधित करते हुए कहा कि सात वर्षो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ओर देशहित को सर्वोपरि रखकर अपने दृढ़संकल्प, सर्वस्पर्शी व कल्याणकारी नीतियों से गरीब, किसान व वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन को बेहतर बनाया है तो वहीं दूसरी ओर अपने मजबूत नेतृत्व से भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाया। आंतकवाद के खिलाफ लडऩे की भारत की प्रतिबद्घता को और अधिक मजबूत किया। पूरे देश में महसूस किया गया कि भारत अपने दुश्मनों को कहीं भी जाकर खत्म कर सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद इन 7 वर्षों में टैक्स की विसंगति दूर हुई। अब पूरे देश में हर सामान पर एक टैक्स लगता है। केंद्र सरकार ने कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं से तीन बार तलाक कहकर संबंध खत्म करने की प्रथा को गैरकानूनी बनाया। केबिनेट मंत्री ने कहा उनके मजबूत नेतृत्व में समग्र और कल्याणकारी नीतियां अपनाई गई है और भारत शक्तिशाली राष्ट्र बन रहा है। मोदी सरकार ने विकास, सुरक्षा, जनकल्याण और ऐतिहासिक सुधारों के समांतर समन्वय का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जब प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने यूपी की सत्ता संभाली थी, उस समय प्रदेश एक बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, लेकिन उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रदेश में निरंतर विकास कार्य हुए। सरकार ने जन कल्याणकारी योजनाओं को संचालित कर उन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया और प्रदेश को अपराध मुक्त बनाया। कोरोना काल में पूरी मुस्तैदी के साथ विभिन्न समस्याओं से निपटे, उन्होंने दूसरे राज्यों से लौटे मजदूरों को स्थानीय स्तर पर रोजगार देने का काम किया। प्रशिक्षण शिविर के महानगर संयोजक चमन चौहान, महामंत्री पप्पू पहलवान ने शिविर में जुड़े कार्यकर्ताओं का परिचय कराया। इस दौरान महानगर प्रभारी महेंद्र सिंह धनोरिया, विधायक मंजू शिवाच, जिला अध्यक्ष दिनेश सिंघल, विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल, मेयर आशा शर्मा, महानगर मंत्री गुजंन शर्मा, बॉबी त्यागी, पार्षद साक्षी नारंग, अनीता सिंह, गोपाल अग्रवाल, पुष्पेंद्र रावत, विजेंद्र चौहान, सरदार सिंह भाटी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता जुड़े।