कांवड़ यात्रा: डीएम-एसएसपी ने किया कांवड़ मार्ग का निरीक्षण

दिल्ली-मेरठ मार्ग पर 22 से 26 तक स्कूल-कॉलेज बंद
– 40 वॉच टॉवर एवं 400 सीसीटीवी कैमरें से होगी निगरानी

गाजियाबाद। श्रावण मास कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन-पुलिस की ओर से अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग अवरूद्व होने की वजह से जहां मेरठ रोड स्थित परिषदीय,सहायता प्राप्त,मान्यता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं सीबीएसई, आईसीएसई आदि स्कूल,कॉलेज को 22 से 26 जुलाई तक बंद रखने के निर्देश दिए है।
सोमवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी मुनिराज जी ने एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास,एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा, एसडीएम शुभांगी शुक्ला आदि अधिकारियों की मौजूदगी में कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। जहां पर जो खामियांं दिखाई दी। उन्हें दुरूस्त करने के निर्देश दिए। गंगनहर कांवड़ मार्ग और पाइपलाइन रोड का निरीक्षण किया। वहीं, गंगनहर मेरठ बॉर्डर का भी पैदल निरीक्षण किया। डीएम ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई है कांवड़ सेवा शिविर से लेकर के मर्करी लाइट की व्यवस्था की गई हैं।

वहीं मार्ग पर 40 वॉच टावर लगाए गए हैं और 400 सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। रात्रि में गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके को सेक्टर में बांटकर अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। खुद मॉनिटरिंग करने के लिए एसडीएम और सीओ लेवल के अधिकारियों को लगाया गया है ताकि सुरक्षा में किसी तरह की कोई चूक ना हो। इसी व्यवस्था का जायजा आज खुद डीएम एवं एसएसपी ने लिया। मुरादनगर गंगनहर और पाइपलाइन रोड का निरीक्षण किया कांवडि़एं हरिद्वार से जल लेकर आ रहे हैं। उनकी सुरक्षा जरूरी है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट है। दिल्ली और उत्तराखंड की पुलिस से मिलकर बॉर्डर पर संयुक्त सुरक्षा व्यवस्था का कवच तैयार किया गया है। कावड़ यात्रा को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदिनाथ के निर्देश हैं। डीएम के निर्देशन में एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास ने कांवड़ शिविरों में कांवडिय़ों की समस्या का निराकरण करने के लिए 100 लोगों की कांवड़ मित्र टीम बनाई हैं। जो शिविरों में जाकर शिव भक्तों की हर संभव मदद करेंगे। एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास एवं एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने गंगनहर पर बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ज्ञानी बॉर्डर अन्य कांवड़ मार्गों का व कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया।

24 घंटे कंट्रोल रूम रहेंगे संचालित
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम 27 जुलाई तक संचालित रहेंगे। श्रावस मास 14 जुलाई से शुरू हो गया है। श्रावण महाशिवरात्रि का पर्व 26 जुलाई को मनाया जाएगा। ऐसे में लाखों की संख्या में शिवभक्त एवं कांवडिय़ों, श्रद्धालुओं हरिद्वार आदि तीर्थ स्थलों से गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में चढ़ाते हैं। श्रावण शिवरात्रि के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए कांवडियों एवं आमजन मानस की सुविधा एवं सहायता के लिए जनपद में राज चौपला मोदीनगर,गंगनहर, मेरठ रोड तिराहा, टीला मोड़ एवं केन्द्रीय कन्ट्रोल रूम कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इन कंट्रोल रूम पर ड्यूटी शिफ्ट में लगाई गई है। इन पर आने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। केंद्रीय कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट परिसर के लिए-0120-4186453, कन्ट्रोल रूम गंग नहर के लिए- 01232-299200, कंट्रोल रूम टीला मोड़ के लिए- 0120-2983220,कंट्रोल रूम मेरठ तिराहा के लिए- 0120-2985112, कंट्रोल रूम राज चौपला मोदीनगर के लिए- 7017781545, अग्निशमन केन्द्र के लिए- 0120-2636811, 2770686 एवं 2777102, पुलिस कंट्रोल रूम के लिए- 112, महिला हेल्पलाईन के लिए- 1090 एवं एंबुलेंस के लिए-108 नंबर जारी किए हैं।