कड़ाके की सर्दी का कहर, खोड़ा-मकनपुर पालिका ने की 17 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था

गाजियाबाद। कड़ाके की सर्दी का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। पाला बरसने से हाड़कपाऊ सर्दी पडऩे लगी है। सुबह-शाम बरसते कोहरे के बीच घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में महिला, बुजुर्ग और बच्चे घरों में कैद होकर रह गए। वहीं अलाव के आसपास जनजीवन सिमट गया। सर्दी से परेशान पशु और पक्षी भी राहत पाने के लिए अलाव तथा छांव तलाशते दिखे।

लगातार सर्दी का रूख तेजी की ओर बढ़ा और पारे में गिरावट दर्ज हो रही है। दिनों दिन तापमान में गिरावट से बेहाल जनजीवन को अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। हाड़ कंपाती सर्दी और शीत लहर के प्रकोप को ध्यान में रखकर खोड़ा कॉलोनी में अलावा की व्यवस्था कराई गई है। नगर पालिका परिषद की तरफ से अलाव जलवाने शुरू किए गए हैं।

नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि सर्दी और शीत लहर के प्रकोप को देखते हुए खोड़ा क्षेत्र में 17 चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। ताकि राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके। अलाव की व्यवस्था को परखने के लिए प्रतिदिन भ्रमण भी किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। खासकर सुबह और रात के समय सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

राहगीरों को अलाव के जरिए सर्दी से बचाने की कवायद हो रही है। खोड़ा क्षेत्र के वीर विजय सिंह पथिक द्वार, लोधी चौक, राना चौक, मंगलवार बाजार रोड, लैबर चौक, सार्वजनिक शौचालय, लोकप्रिय विहार, ताजिया बाबा गेट, कालू सीमेंट एजेंसी, आदर्श नगर, सोम बाजार, आम्बेडकर पार्क एवं संगम पार्क समेत आदि स्थानों पर नियमित रूप से खोड़ा-मकनपुर नगर पालिक की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई है। जिसका लगातार भ्रमण भी किया जा रहा है।