-डॉ. जी.के. बालाजी और डॉ. गरिमा बिस्वास ने विद्यार्थियों को दिए प्रायोगिक अनुभवों से परिपूर्ण प्रेरक व्याख्यान
-बी.पी.टी. के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के उन्नत तकनीकों की मिली प्रत्यक्ष जानकारी
-दो दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम में गूंजा व्यावसायिक उत्कृष्टता का संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आई.टी.एस फिजियोथेरेपी कॉलेज में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल के अंतर्गत दो अतिथि व्याख्यानों का आयोजन किया गया, जो छात्रों को अकादमिक सीमाओं से आगे ले जाकर व्यावहारिक अनुभवों से जोडऩे के उद्देश्य से आयोजित किए गए। बी.पी.टी. चतुर्थ और षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर प्राप्त हुआ। चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों के लिए आयोजित पहले व्याख्यान में प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट एवं सायनेप्स फिजियो प्रा. लि. के निदेशक डॉ. जी.के. बालाजी ने ‘पी.एन.एफ’ तकनीकों पर आधारित सत्र लिया। डॉ. बालाजी वर्तमान में फोर्टिस हॉस्पिटल, मोहाली में विभागाध्यक्ष हैं और देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने छात्रों को पी.एन.एफ. की बुनियादी अवधारणाओं से लेकर इसके चिकित्सीय लाभों और प्रायोगिक अनुप्रयोगों तक विस्तार से समझाया।
उनके दो दशकों से अधिक के अनुभवों की झलक उनके व्याख्यान में स्पष्ट दिखी। विद्यार्थियों ने इस सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। वहीं, बी.पी.टी. षष्ठम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए डॉ. गरिमा बिस्वास ने ‘ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजिकल स्थितियों में फिजियोथेरेपी विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। डॉ. गरिमा आई.टी.एस की पूर्व छात्रा हैं और वर्तमान में ओमांश हेल्थ एंड फिटनेस गाजियाबाद की संस्थापक हैं। उन्होंने गर्भावस्था के पूर्व, दौरान और बाद की अवस्थाओं में फिजियोथेरेपी की भूमिका को व्यावहारिक दृष्टिकोण से समझाया। उनके केस स्टडी आधारित प्रस्तुतीकरण ने विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के चिकित्सकीय परिदृश्य से जोड़ा और उत्सुकता से भरे कई प्रश्नों के उत्तर भी दिए।
यह व्याख्यान आज मंगलवार को भी जारी रहेगा। आई.टी.एस कॉलेज द्वारा इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक बल्कि क्लिनिकल दक्षता और प्रोफेशनल दृष्टिकोण से भी समृद्ध बनाना है। छात्रों ने इन सत्रों में न केवल विशेषज्ञों से संवाद किया बल्कि अपने करियर को नई दिशा देने वाली प्रेरणा भी प्राप्त की। दोनों व्याख्यानों में विद्यार्थियों की जबरदस्त भागीदारी और उत्साह देखने को मिला। सभी ने आई.टी.एस – द एजुकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा को ऐसे मंच प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया, जिससे उन्हें चिकित्सा क्षेत्र के दिग्गजों से सीखने का अवसर मिला।


















