शिवशक्ति धाम में अभय भारत संकल्प केंद्र का किया गया लोकार्पण
गाजियाबाद। डासना स्थित शिवशक्ति धाम में शनिवार को श्री रामजन्मभूमि आंदोलन के महानायकों में से एक और इस्लामिक जिहाद विहीन अखण्ड भारत के स्वप्न दृष्टा पूर्व सांसद स्वर्गीय बैकुंठ लाल शर्मा प्रेम सिंह शेर के विचारों के प्रचार प्रसार के लिए अभय भारत संकल्प केंद्र का लोकार्पण किया गया। एक समय स्वर्गीय बैकुंठ लाल शर्मा प्रेम सिंह शेर को दिल्ली भाजपा का पितामह समझा जाता था। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता स्वर्गीय हरिकिशन लाल भगत को लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतो से पराजित करके इतिहास बनाया था। 
लेकिन उनके फक्कड़ और यौद्धेय स्वभाव को राजनीति रास नहीं आई और उन्होंने लोकसभा से त्यागपत्र देकर पूरे भारत का भ्रमण करके हिन्दुओं को इस्लामिक जिहाद के खतरों के प्रति सचेत किया। उन्होंने अपनी तरुणावस्था में भारत विभाजन के समय इस्लाम के जिहाद की विभीषिका भयंकर कत्लेआम, मारकाट, लूटमार और हिन्दू महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार के रूप में झेला था और वो चाहते थे कि दुनिया मे किसी भी गैर मुस्लिम को इस्लामिक जिहाद की इस विभीषिका को झेलना न पड़े। इसी उद्देश्य के लिये वो सारे जीवन संघर्ष करते रहे। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता करते हुए उनके बहुत प्रिय रहे विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने उनके जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए कहा कि प्रेम के आदर्शों पर बना अभय भारत संकल्प केंद्र सम्पूर्ण मानवता को सनातन धर्म और सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों को समझने के सहायक होगा। 
उन्होंने श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन की विस्तार से चर्चा करते हुए स्वर्गीय अशोक सिंघल, स्वर्गीय प्रेम तथा अन्य सभी आंदोलनकारियों की भूमिका के बारे में बताते हुए कहा की श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर सनातन धर्म को अवश्य ही स्वर्णिम युग की ओर ले जाएगा। बस हमे श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन मे उतारना पड़ेगा। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने भी प्रेम को श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा कि प्रेम के आदर्श सर्वकालिक और सार्वभौमिक है। उन्होंने अपने जीवन मे जो भी कहा ,वो सब सत्य सिद्ध हुआ। अब हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने धर्म और राष्ट्र की रक्षा करने के लिये तैयार होना पड़ेगा। इस दौरान हरिनारायण सारस्वत, नीरज त्यागी, राजेश पहलवान, शशि चौहान, धीरज नागर, अजय अग्रवाल, पंकज मित्तल, तरुण मित्तल, संजय त्यागी, मुकेश त्यागी, अनिल यादव समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।















