आपसी प्रेम के लिए जलाएं सद्भावना का दीपक: अरविंद तेवतिया

-संयुक्त व्यापार मंडल द्वारा दिवाली मिलन समारोह का आयोजन

गाजियाबाद। दिवाली खुशियों का त्योहार है। इस त्योहार पर आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखें और सभी को प्रेम उपहार स्वरूप भेंट करें। दिवाली पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी लोगों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना होगा। ऐसा करने से हम अपनी आने वाली पीढिय़ों को एक बेहतर देश दे सकेंगे। यह बातें आरडीसी में संयुक्त व्यापार मंडल गाजियाबाद द्वारा आयोजित दिवाली मिलन कार्यक्रम में मेरठ मंडल अध्यक्ष व प्रभारी सहारनपुर मंडल अरविंद तेवतिया ने कहीं। उन्होंने कहा आपसी सद्भाव और परस्पर प्रेम की भावना को रखते हुए दिवाली मनाएं। केवल दिए जलाने से ही रोशनी नहीं होगी, बल्कि जरूरी है कि अपने दिलों से नफरत मिटाई जाए, ताकि समाज में भाईचारा कायम हो सके। पर्यावरण बचाने के लिए खुद तो जागरूक हों और दूसरों को भी करें। दीवाली कार्यक्रम में संयुक्त व्यापार मंडल के वरिष्ठ एवं सम्मानित पदाधिकारी सहित शहर के कई जाने-माने समाजसेवियों ने हिस्सा लिया। दिवाली मिलन कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद गुप्ता ने की तथा मंच का संचालन डॉ जयप्रकाश मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी संजीव गुप्ता तथा संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता नंदी, मेरठ मंडल अध्यक्ष औद्योगिक प्रकोष्ठ राजेश बंसल ने दीप प्रज्वलित करके किया। दीवाली मिलनन कार्यक्रम के संयोजक एव संयुक्त व्यापार मंडल गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता तथा युवा महानगर अध्यक्ष विष्णु दीप गर्ग एवं जिला अध्यक्ष औद्योगिक प्रकोष्ठ कुलदीप चौधरी ने सभी सम्मानित अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत किया। मेरठ मंडल अध्यक्ष औद्योगिक प्रकोष्ठ राजेश बंसल ने कहा कि भारतवर्ष का सबसे बड़ा पर्व दिवाली पर्व है। यह पूरे दुनिया भर में मनाया जाता है। दीपावली का पर्व आते ही बाजार चमक उठते हैं। समाज के सभी वर्गों को दीपावली पर्व में काम करने का अवसर मिलता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता नंदी ने कहा कि दीपावली का पर्व आपसी खटास को दूर करके मिठास में परिवर्तित करने का पर्व है। खुशियों का त्योहार एक दूसरे को प्यार बांटने का त्यौहार भगवान श्री राम जी के 14 वर्ष वनवास पूर्ण करने पर तथा श्रीलंका पर विजय करने के पश्चात अयोध्या वापस आगमन पर यह पर्व पूरे भारतवर्ष में धूमधाम से मनाया जाता है। विष्णु दीप गर्ग ने कहा कि दीपावली का पर्व हमारे भारत देश की अखंडता को दर्शाता है। हमारे पूरे भारतवर्ष के कोने कोने में दीपावली का पर्व बड़े हर्ष उल्लास से हजारो वर्षो से मनाया जाता है यह हमारी संस्कृति का हिस्सा है। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि गाजियाबाद में होली मिलन तो बहुत होते हैं लेकिन दिवाली मिलन बहुत कम मतलब ना के बराबर किए जाते हैं। जबकि दीपावली भारत का सबसे बड़ा पर्व है। इस मौके पर कुलदीप चौधरी, सचिन दीवानिया, आकाश गुप्ता अभिषेक गुप्ता, संदीप राठी, नरेंद्र चौधरी, दिनेश सेठी, बृजमोहन अग्रवाल, गौरव चौधरी, मुनेश मित्तल, जयप्रकाश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।