-आबकारी विभाग ने रेलवे स्टेशन पर चलाया चेकिंग अभियान
-बुजुर्ग महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार
गाजियाबाद। होली का त्योहार नजदीक आते ही एक तरफ जहां युवाओं में इसकी तैयारी जोरों से की जाती है। तो वहीं दूसरी ओर अवैध शराब के तस्कर सक्रिय हो जाते है। ऐसा इसलिए क्योंकि होली में शराब की खपत कितनी होती है, यह किसी से छिपा नहीं है। वहीं अगर बात बिहार की करे तो वहां शराब बंदी है, जिसका फायदा शराब तस्कर उठाते है और छोटे-बड़े पैमाने में शराब की तस्करी बिहार कर अपना मुनाफा कमाते है। इसी के तहत होली को देखते हुए छोटे-बड़े शराब तस्कर सक्रिय हो गए है और बिहार में शराबबंदी होने के बावजूद भी तस्कर अलग-अलग तरीकों से वहां शराब बेचने की कवायद में लग गए है। ताकि बड़ा मुनाफा कमाया जा सके। गाजियाबाद के साथ बिहार में शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम पूरी तरह से चौकस हो गई है। दरअसल होली त्योहार को देखते हुए सभी रेलवे स्टेशनों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। राजमार्ग, राष्ट्रीय मार्ग के साथ-साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आबकारी विभाग एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जिसे समय रहते टीम ने दबोच लिया। तस्कर होली में शराब खपाने के लिए हरियाणा से बिहार में शराब तस्करी कर रहा था।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें लगातार चेकिंग एवं शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। रविवार को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य एवं जीआपी प्रभारी अनुज मलिक की संयुक्त टीम द्वारा गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर-2 से तस्कर डिकेश पुत्र राम आसरे गुप्ता निवासी ग्राम दीनदयालपुर तरवारा जिला सिवान बिहार को गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से पिट्ठू बैग में कपड़ों के बीच छिपाकर रखीं 12 बोतल विदेशी मदिरा इंपीरियल ब्लू ब्रांड हरियाणा मार्का बरामद किया गया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। पकड़ा गया तस्कर इतना बड़ा शातिर है कि हरियाणा से शराब तस्करी कर छोटे रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ कर गाजियाबाद पहुंचा और उसके बाद यहां से बिहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। उक्त शराब को वह होली पर्व पर बिहार में तस्करी करने की फिराक में था। अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इसी के साथ आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम द्वारा रविवार तड़के दौलतपुरा, कल्लूपुरा, तुराब नगर में दबिश दी गई। दबिश के दौरान कल्लूपुरा डासना गेट पर अवैध रुप से शराब तस्करी कर रही बुजुर्ग महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से 30 पौवे अवैध देशी शराब यूपी मार्का बरामद किया गया। पकड़ी गई महिला तस्कर क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से शराब खरीद कर दिन में एकत्रित कर लेती थी। जिसे रात में दुकान बंद होने के बाद यह दुकान खुलने से पहले उक्त शराब को महंगे दामों में बेचती थी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अमूमन होली से पहले अन्य राज्यों से शराब की तस्करी होती है। जिसे ट्रेन व राजमार्ग एवं राष्ट्रीय मार्ग के माध्यम से बिहार पहुंचाने की फिराक में रहते है। जिसको लेकर सभी आबकारी निरीक्षकों को अलर्ट कर दिया गया है। आने जाने वाली सभी ट्रेनों की बोगियों के साथ बस, बड़े वाहन से लेकर छोटे वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया गया है। अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

















