गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव का महापर्व जारी है। अगले महीने 4 जून के नतीजे आएंगे। नतीजों वाले दिन प्रदेश के सभी जिलों में शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी गई है। मतगणना दिवस के मद्देनजर जनपद गाजियाबाद में 4 जून को ड्राई-डे रहेगा। ऐसे में लाइसेंसशुदा शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। शराब विक्रेताओं को इस बावत निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने मंगलवार को जिलेभर में अंग्रेजी शराब, देसी शराब, बीयर, मॉडल शॉप की दुकानों के अलावा भांग की दुकानें को भी जिला आबकारी विभाग को बंद रखने के आदेश जारी किए है। शराब विक्रेताओं को इस सिलसिले में लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। बंदी के दिन पूर्ण रूप से दुकानें बंद रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई भी होगी। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिलाधिकारी के आदेशानुसार मतगणना के दिन 4 जून को ड्राई डे घोषित किया गया है। बंदी के बावजूद यदि किसी दुकान पर शराब की बिक्री होने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा आबकारी विभाग की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। बंदी के आदेश का अनुपालन कराने को चेकिंग की जाएगी। उधर, ड्राई-डे पर अवैध शराब की बिक्री न हो सके, इसका भी ख्याल रखा गया है। जिसके लिए जनपद की देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, भांग की फुटकर बिक्री की दुकानों एवं मॉडल शॉस, बार एवं क्लब अनुज्ञापनों सहित सैन्य कैंटीन (एफएल-9/9ए अनुज्ञापन), सीएल-2, एफएल-2/2बी0, बी डब्लूएफ एल-2ए / 2बी/2सी/ 2डी, एफएल-2डी, बीआईओ-01, एफएल- 16/17, एम0 ए0-2/एमए-4 अनुज्ञापनों तथा आसवनियों/यवासवनियों से मतगणना दिवस 4 जून को मादक पदार्थ की बिक्री पूर्णतया प्रतिबंधित (ड्राई-डे) रहेगी। जिसके लिए सभी को पत्र जारी कर दिया गया है। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अगर बंदी के दिन किसी भी अनुज्ञापी ने दुकान खोली तो उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।
















