संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन जागरूकता रैली में किया सफाई के प्रति जागरूक

गाजियाबाद। स्वास्थ्य विभाग एवं निगम द्वारा संयुक्त रूप से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। जिसके क्रम में घंटाघर रामलीला मैदान से एमएमजी अस्पताल तक शंभू दयाल इंटर कॉलेज के एनसीसी ग्रुप के छात्रों ने बैंड के साथ जन जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक अतुल गर्ग उपस्थित हुए। महापौर सुनीता दयाल एवं म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक शहर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। स्वच्छता के संदेश को लगातार नगर निगम शहर में वृहद स्तर पर अभियान के रूप में जन-जन तक पहुंचा रहा है।

इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग के साथ निगम ने संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए संयंत्रों के साथ विशेष रैली निकाली। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश कुमार ने बताया डेंगू मलेरिया व अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जन जागरूकता रैली का कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें नगर निगम द्वारा अपनी अहम भूमिका निभाई गई। घरों में कहीं भी पानी एकत्र न रहे, घरों के आसपास सफाई व्यवस्था बनी रहे, इसका विशेष रूप से ध्यान रखने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली गई। मौके पर सीएमओ भवतोष भी उपस्थित रहे।

म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश दिए गए। जिसके क्रम में नगर निगम प्रतिदिन वार्डों, मुख्य बाजारों में विशेष रूप से फॉगिंग व एंटी लारवा का छिड़काव किया जाए। छोटी फॉगिंग मशीनों के द्वारा आंतरिक वार्डों में गलियों में फॉगिंग का कार्य तेजी से किया जाए। बाजारों में बड़े उपकरणों के माध्यम से विशेष फॉगिंग अभियान को तेजी के साथ चलाया जाए। कार्यक्रम के अंत में संचारी रोग नियंत्रण व स्वच्छता की शपथ ली गई।