महापर्व छठ : घाटों को चमकाने में जुटा नगर निगम

नहाए खाए के साथ बुधवार से आरंभ होगा 4 दिवसीय पर्व

गाजियाबाद। चार दिवसीय महापर्व छठ बुधवार को नहाए खाए से प्रारंभ हो जाएगा। इसको लेकर घर से बाजार तक में तैयारी तेज है। घाटों का निर्माण तेजी से चल रहा है। नगर निगम शहर में स्थित घाटों की सफाई में लगा हुआ है। 20 नंवबर को पडऩे वाले छठ महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। नगर निगम की टीम हिंडन तट पर साफ सफाई के काम में जुट गई। हिंडन में जलकुंभी साफ करने के साथ साफ सफाई का काम चल रहा है। निगम के करीब दो दर्जन सफाई कर्मचारी लगे हुए है। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि दो दिन में छठ घाट की साफ सफाई का पूरा काम कर लिया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही घाटों पर लाइट लगाने का काम पूर्ण हो गया है। हैलोजन लाइट के साथ-साथ एलईडी एवं ट्यूबलाइट भी लगाने का कार्य भी प्रकाश विभाग की ओर से किया जा रहा है। इसके साथ ही घाटों पर व्रतियों के कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम एवं वाच टावर का निर्माण किया जा रहा है। शहर में स्थित सभी घाट दो दिनों में सज-धज कर तैयार हो जाएंगे। लेकिन कोविड 19 को देखते हुए नगर निगम एवं प्रशासन ने कई तरह के प्रबंध किए हैं। घाट पर भीड़ न लगे इसके लिए कई तरह के इंतजाम साथ में शारीरिक दूरी को पालन करने के लिए हमेशा लोगों से नगर निगम अपील करेगा। लोगों से कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के मद्देनजर एहतियात बरतना जरूरी है। भीड़ भाड़ नहीं हो इसका ख्याल व्रती और स्वजनों को भी रखना होगा। अन्य सुरक्षा उपाय अपनाने होंगे। 20 नवंबर को छठ पर्व पर श्रद्धालु शाम को डूबते सूर्य अर्घ्य देंगे। वहीं 21 नवंबर को सुबह भगवान भाष्कर को अर्घ्य देकर पर्व का समापन होगा। लेकिन छठ व्रत की शुरूआत तीन दिन पहले ही हो जाती है। नहाय खाय के साथ इस व्रत की शुरूआत बुधवार को हो जाएगी। शुक्रवार को शाम को अर्घ्य देने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु हिंडन तट पर पहुंचते है। म्युनिसिपल कमिश्रर ने बताया हिंडन का पानी साफ रहे इसके लिए नगर निगम की टीम पुरी तरह से जुटी हुई है। निगम के कर्मचारी सबसे पहले जलकुंभी साफ करने में जुटे हुए है। जलकुंभी साफ करने के साथ नगर निगम की टीम हिंडन घाट के पश्चिमी तट को पूरी तरह से साफ कर रही है। उन्होने बताया कि नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम को एक हफ्ते पहले ही छठ पूजा की तैयारी को लेकर अलर्ट कर दिया गया था। दो दिन के अंदर छठ घाटों पर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएगें, जिससे घाटों पर आने वाले श्रृद्धांलुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।