मानसिंह गोस्वामी बने भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष

– समर्थकों में जोश, उपाध्यक्ष बनने  पर दी शुभकामनाएं

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। भाजपा के वरिष्ठ नेता मानसिंह गोस्वामी को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने से वह काफी उत्साहित हैं। गोस्वामी ने संगठन की मजबूती के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही है। मानसिंह को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर समर्थकों ने  खुशी का इजहार किया और बधाइयां व शुभकामनाएं दी।

भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने बुधवार को अपनी टीम की घोषणा की। इस टीम में मानसिंह गोस्वामी को भी जगह मिली है। जिन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें 19 जिलों का दायित्व सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने से उत्साहित मानसिंह गोस्वामी ने कहा कि वह भाजपा के पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने बूथ, वार्ड, महानगर एवं जिला स्तर पर जिम्मेदारी निभा चुके एक कार्यकर्ता को जो दायित्व सौंपे हैं, उस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। मानसिंह गोस्वामी इसके पहले भाजपा के महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी को बखूवी ढंग से निभा चुके हैं। उनके कार्यकाल को कार्यकर्ता आज भी याद करते हैं। बेहद शांत एवं मृदुभाषी स्वभाव के मानसिंह गोस्वामी का जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं से अच्छा जुड़ाव है। समय-समय पर वह भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जाकर वार्तालाप करते नजर आते हैं। गोस्वामी ने कहा कि जिम्मेदारी बेशक कितनी बड़ी मिल जाए, वह खुद को सिर्फ भाजपा के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में देखते हैं।