चालान से नहीं कोरोना के जोखिम से बचने को मास्क लगाएं: एसपी सिटी

– बिना मास्क लगाए घूम रहें लोगों के पुलिस ने काटे चालान

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए एक तरफ जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर अफसरों को निर्देश दिए हैं कि वह फिल्ड में उतरें और नियमों का सख्ती के साथ पालन कराएं। नाइट कफ्र्यू में तो पुलिस ने सख्ती की हुई है, लेकिन दिन में अभी लापरवाही बरकरार है। बाजारों में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। बिना मास्क के लोग खरीदारी कर रहे हैं। बसों, आटो, ई-रिक्शा में सवारियों को ठूस-ठूसकर भरा जा रहा है। जो लोग अपने घरों से बिना मास्क के सड़कों पर निकल रहे हैं, उनके खिलाफ अब पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार दोपहर एसपी सिटी निपुण अग्रवाल शहर कोतवाली एसएचओ संदीप कुमार सिंह के साथ बजरिया, तुराबनगर, घंटाघर, चौपला मंदिर, डासना गेट, दिल्ली गेट, नवयुग मार्किट में विशेष अभियान चलाकर बिना मास्क के नजर आने वाले लोगों के चालान काटे और उन्हें चेतावनी दी कि अगर दोबारा बिना मास्क के नजर आए तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने कहा मास्क का प्रयोग आपको पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं बल्कि अपने अमूल्य जीवन पर कोरोना संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए लगाना जरूरी है। आप पुलिस-प्रशासन को धोखा दे सकते हैं लेकिन, कोरोना को नहीं। आपकी जरा सी चूक आपको सबसे घातक और तेजी के साथ फैलने वाले कोरोना संक्रमण की चपेट में ला सकती है। एसएचओ संदीप सिंह ने बताया लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा अभी कम नहीं हुआ है बल्कि और गहरा गया है। बाजार-दुकान, दफ्तर सबकुछ खुलने के कारण इसका खतरा और भी बढ़ गया है, जिस कारण इससे बचाव को लेकर भी अधिक सतर्कता बरतनी होगी। कोरोना से बचाव के लिए मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग और नियमित समय अंतराल पर हाथों को धोते रहना या सैनिटाइज करना ही सबसे अधिक कारगर उपाय हैं। उन्होने बताया भ्रमण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले एवं बिना मास्क लगाए घूम रहे करीब 250 लोगों का चालान काटा गया और हिदायत दी गई कि अगर दोबारा बिना मास्क लगाए पाये गये तो जुर्माने की राशि से दस गुना अधिक जुर्माना वसूला जाएगा। घर से बाहर निकलते वक्त मास्क का प्रयोग करें।
यातायात व कोरोना हिदायतों के उल्लंघन पर पुलिस ने काटे चालान:
यातायात नियमों व कोरोना रोकथाम के लिए जारी प्रशासनिक हिदायतों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसते हुए चालान काटे गए। शनिवार को तीन सवारी के 15 , काली फिल्म लगान, दोषपूर्ण नंबर प्लेट के 32, हूटर, सायरन, मॉडीफाई सालेंसर के 11, बिना परमिट के 6 वाहनों के चालान काटे गये। कोविड अधिनियम के अंतर्गत बिना मास्क के कुल 8 चालानों से 800 जुर्माना वसूला गया। एसपी टै्रफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि जनपद में चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को 897 वाहन चालकों के चालान करते हुए 49500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। बिना परमिट/परमिट की शर्तों का उल्लंघन (यू पी 37/दिल्ली आदि के) एवं वाहन सम्बन्धी प्रपत्र न होने पर दो वाहनों को सीज किया गया।