जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर 27 नवंबर को दिल्ली जंतर-मंतर पर महारैली: इन्द्रेश कुमार

-विश्व का मात्र 2.4 फिसद भूभाग भारत के पास है, परन्तु 140 करोड आबादी: अनिल चौधरी

गाजियाबाद। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन द्वारा एक कार्यक्रम आर्य समाज मंदिर सेक्टर-5 राज नगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर पधारे जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन के राष्ट्रीय संरक्षक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रेश कुमार ने 27 नवंबर को दिल्ली जंतर-मंतर पर जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर एक लाख की संख्या के साथ होने वाली महारैली की तैयारी पर चर्चा करते हुए कहा कि यदि हिंदुस्तान के लोग अभी जागृत होकर एक साथ जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग को लेकर लामबंद नहीं हुए तो हमें इसके दुष्परिणाम भुगतने को तैयार रहना होगा।

कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने बताया कि विश्व का मात्र 2.4 फिसद भूभाग भारत के पास है। परन्तु 140 करोड आबादी अर्थात विश्व की कुल आबादी का लगभग 18 फिसद भार वहन करने वाले भारत में जनसंख्या का धार्मिक असंतुलन आने वाले समय में निश्चित रूप से भारत राष्ट्र के सामाजिक ताने-बाने के लिए अत्यंत विनाशकारी साबित होगा।

संगठन की राष्ट्रीय संयोजिका और कश्मीरी विस्थापित ममता सहगल ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में गांव-गांव जाकर लोगों को अपने साथ जोड़कर एक विशाल रैली के रूप में दिल्ली जाएंगे। सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक मंजू सिवाच, एमएलसी दिनेश अग्रवाल, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, अजीत पाल विधायक, अतुल गर्ग, नंदकिशोर गुर्जर, सुनील शर्मा, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा इत्यादि विशेष जनप्रतिनिधियों ने अपना समर्थन एवं विचार व्यक्त किये और आमजन से अपील की कि सभी लोग 27 नवंबर को होने वाली महारैली में अपने इष्ट मित्र एवं सहयोगी यों के साथ दिल्ली जंतर मंतर पर पहुंचे और रैली को सफल बनाएं।

जिससे भारत सरकार जनसंख्या नियंत्रण के संबंध में एक मजबूत कानून जल्द से जल्द पारित करे। प्रदेश अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नीलकंठ, ने कहा कि जनसंख्या असंतुलन के खतरे की भयावहता और इसके समाधान के लिए प्रतीक्षा का बहुत अधिक समय ना बचा होने का आकलन करते हुए जनसंख्या समाधान फाउन्डेशन ने इसी वर्ष 27 नवंबर को राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन और ऐतिहासिक सभा के आयोजन की योजना बनाई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक डॉक्टर पाल सिंह ने किया एवं संचालन महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्षा वंदना त्यागी एवं सह संचालन आचार्य सुनील शर्मा ने किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश प्रभारी रविन्द्र गुर्जर, नेत्रपाल सिंह, हेमा शारदा, अमर दत्त शर्मा , अमित, दिनेश, महेश आहूजा आदि लोग उपस्थित रहे।