लोनी, मोदीनगर व मुरादनगर की महायोजना-2031 की कवायद तेज
महायोजना-2031 को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष ने ली बैठक
गाजियाबाद। केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल अमृत योजना के तहत शहर के विकास के लिए जीआईएस आधारित गाजियाबाद, लोनी, मोदीनगर व मुरादनगर की महायोजना-2031 की कवायद गाजियाबाद विकास प्राधिकारण (जीडीए) ने तेज कर दी है। मंगलवार को जीडीए सभागार में जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा की अध्यक्षता में महायोजना-2031 को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अधिकृत कंपनी द्वारा महायोजना-2031 के प्लान को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। लोनी, मोदीनगर, मुरादनगर महायोजना-2031 का प्लान तैयार किया जाना है। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने बताया कि प्रदेश शासन द्वारा लोनी, मुरादनगर और मोदीनगर की महायोजना-2031 के प्लान तैयार करने के लिए नई दिल्ली प्रीतमपुरा की मैसर्स डीडीएफ कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को अधिकृत किया हैं। कंसलटेंट कंपनी द्वारा इन क्षेत्रों की महायोजना को लेकर अब तक की प्रगति का प्रेजेंटेशन किया गया। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा की अध्यक्षता में नेशनल रीजनल प्लानिंग बोर्ड सेल गाजियाबाद के चीफ कोऑर्डिनेटर प्लानर एससी गौड़, जीडीए चीफ इंजीनियर विवेकानंद ङ्क्षसंह, सीएटीपी आशीष शिवपुरी, नगर नियोजक केके गौतम,नगर नियोजक राजीव रतन शाह आदि अधिकारियों की मौजूदगी में मैसर्स डीडीएफ कंसलटेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से आर चटर्जी, सुनील पोपल, कुलदीप सिंह, साक्षी आदि ने प्रेजेंटेशन दिया। गाजियाबाद, लोनी, मोदीनगर और मुरादनगर महायोजना-2031 की निरीक्षण रिपोर्ट फरवरी में प्रस्तुत की जा चुकी हैं। शासन द्वारा अनुमोदन किया गया। समीक्षा के दौरान एनआरएसए हैदराबाद द्वारा उपलब्ध कराए गए सर्वे रिपोर्ट में संबंधित ग्रामों के सजरा का कलेक्शन व सुपर इंपोजिशन प्राइमरी व सेकेंडरी डाटा कलेक्शन तथा प्रभावी महायोजना 2021 के सापेक्ष स्थल पर हुए भू-उपयोग विचलन व अन्य विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। डाटा कलेक्शन तथा मुख्यता संबंधित सजरा मानचित्र समेत अन्य समस्याओं को लेकर कंसलटेंट कंपनी की ओर से जीडीए उपाध्यक्ष को अवगत कराया गया। जीडीए उपाध्यक्ष कंचन वर्मा ने बताया कि आरआरटीएस के एलाइनमेंट और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के वर्तमान और प्रस्तावित संरेखण, हिंडन एयर स्ट्रिप तथा फनल जोन से संबंधित सूचना ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे के एलाइनमेंट और राजनगर एक्सटेंशन में निर्मित और प्रस्तावित नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड के एलाइनमेंट के सापेक्ष में की गई कार्रवाई की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। शासन द्वारा समय-समय पर किए गए भू-उपयोग परिवर्तन और जीडीए की योजनाओं व भूमि को प्राथमिकता पर चिन्हित करने के लिए कंसलटेंट को निर्देश दिए गए। शासन के निर्धारित समय पर यह कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए। कंसलटेंट कंपनी को जीडीए और जिला प्रशासन से समन्वय कर बाकी सूचनाएं समय से प्राप्त करने के लिए निर्देश दिए गए।
















