उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम कार्यालय में शनिवार को मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने पार्षदों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मोहन नगर जोन के पार्षदों को आमंत्रित किया गया था। पार्षदों ने विभिन्न समस्याओं को रखा। नगर निगम सभागार में अपर नगरायुक्त आरएन पांडेय, एसबीएम नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, जलकल महाप्रबंधक बृृजेश कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, सहायक अभियंता जलकल योगेंद्र यादव आदि भी मौजूद रहे। पार्षदों ने सीवर ओवरफ्लो, लाइट, साफ-सफाई, पार्क, शौचालयों में ताला आदि समस्याएं रखीं। महापौर एवं म्युनिसिपल कमिश्नर ने सभी समस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ दंडनीय कार्रवाई की बात कही गई। महापौर आशा शर्मा ने कार्य में लापरवाही बरतने पर अवर अभियंता ओम प्रकाश व देवी सिंह को फटकार लगाई। पार्षदों ने स्ट्रीट लाइट खराब होने की समस्या से भी अवगत कराया। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि दशहरा से पहले शहर में अधिकांश स्ट्रीट लाइटें ठीक करा दी जाएंगी। खराब लाइट बदली जाएंगी। प्रकाश व्यवस्था के लिए शहर के सभी वार्डों में टीम द्वारा कार्य किया जा रहा है। महापौर ने कहा कि इसी प्रकार से अन्य जोन के पार्षदों के साथ भी बैठक की जाएगी। बैठक में पार्षद सचिन डागर, आशुतोष शर्मा, अनिल राणा, विनोद कुमार शर्मा, सरदार सिंह भाटी, विनोद, चतर सिंह, आलोक शर्मा, पवन रेड्डी, सुजीत गिरी, नरेश जाटव, चम्पा माहौर व ललित कश्यप आदि मौजूद रहे।

















