रईसपुर गांव को मेयर ने 1 करोड़ के निर्माण कार्यों की दी सौगात

– जल्द होगा सड़क, इंटरलॉकिंग टाइल्स, आरसीसी निर्माण कार्य

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। रईसपुर गांव में जर्जर सड़क, जल भराव की समस्या से जल्द ही वार्ड-35 के लोगों को निजात मिल सकेगी। रईसपुर गांव की मुख्य सड़क और आरसीसी नाली और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलेगा। मेयर ने रईसपुर गांव के लोगों को करीब एक करोड़ रूपए के निर्माण कार्य की सौगात दी है। मेयर आशा शर्मा ने वार्ड-53 के पार्षद मनोज चौधरी की मौजूदगी में सोमवार को 1 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सड़क, इंटरलॉकिंग टाइल्स, आरसीसी नाली निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया। मेयर ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले 1 करोड़ रुपए के विकास कार्य से लोगों को जर्जर सड़क से जल्द निजात मिल सकेगी। रईसपुर में कन्या पाठशाला से जयसिंह मास्टर के मकान तक आरसीसी नाली इंटरलॉकिंग और पूर्व पार्षद हरीश चौधरी के मकान वाली गली और प्रधान रामकिशन के मकान से पुराने शिव मंदिर वाली गली का निर्माण कराया जाएगा। यह कार्य 1 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से पूरा होगा। 800 मीटर लंबाई है। मेयर आशा शर्मा से पार्षद मनोज चौधरी ने गांव में इस समस्या से अवगत कराया। मेयर ने कहा अवस्थापना विकास निधि के फंड से गांव के मुख्य रास्ते का बजट पास कराकर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। इस दौरान पूर्व पार्षद नरेंद्र चौधरी, भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह, अशोक चौधरी, सपा के जिला उपाध्यक्ष आनंद चौधरी, जोगिंदर चौधरी, नरेंद्र शर्मा, राजू चौधरी, रब्बा चौधरी, अरुण चौधरी, मंजू चौधरी, सीमा खुटेल, रमेश कौशिक, वेद गुप्ता, सीमा चौधरी, मिथिलेश, राकेश, कमलेश, चंद्रवती, सुदेश चौधरी आदि मौजूद रहीं।