सूर्योदय से पहले मेयर ने किया शहर का निरीक्षण, गंदगी देख लगाई फटकार

स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन मिला बंद, गैरहाजिर मिले 10 कर्मचारी

गाजियाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के तहत शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम की मुहिम की महापौर सुनीता दयाल के सुबह-सुबह औचक निरीक्षण में अब पोल खुल रही है। शनिवार को सूर्योदय होने से पहले महापौर सुनीता दयाल सुबह करीब 6 बजे विजयनगर जोन क्षेत्र में औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंंची। निरीक्षण में विजयनगर स्थित स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर सेंटर जहां बंद मिला। वहीं, विजयनगर में सेंट्रल वर्ज पर गंदगी के अंबार मिलने पर महापौर भड़क उठी। महापौर ने वार्ड-58 ए ब्लॉक पार्क देखा। जिसमे गंदगी मिली।वहां के लोगों ने बताया कि पार्क में कोई माली नहीं आता है। हाजिरी स्थल पर देखा गया कि ई-रिक्शा टूटी पड़ी मिली। ठेले बुरी स्थिति में थे। महापौर ने कर्मचारियों के बारे में सुपरवाइजर से पूछा तो बताया कि 10 कर्मचारी गैरहाजिर है। क्षेत्र के पार्षद ने बताया कि यहां पर रोजाना ऐसे ही होता है, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। महापौर ने इसके बाद वार्ड-55,15,25 में भी औचक निरीक्षण के लिए पहुंची। वहां पर भी ऐसी ही खामियां मिली।


गौशाला पुलिस चौकी से नेशनल हाईवे-9 तक सेंट्रल वर्ज पर जगह-जगह गंदगी के अंबार मिले। महापौर इसके बाद तिगरी गोल चक्कर पहुंची।गोल चक्कर के आसपास फल बेचने वाले ठेली लेकर खड़े मिले, गंदगी फैली मिली। महापौर ने मौके पर जोन क्षेत्र के सफाई निरीक्षक नरेंद्र कुमार को मौके पर बुलाकर गोल चक्कर के आसपास फल बिक्री करने वालों को रोजाना सफाई के निर्देश दिए। तिगरी गोल चक्कर पर रोड स्वीपिंग मशीन सफाई करती मिली।महापौर ने मशीन के ड्राइवर से रोककर वार्ता की। ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी आज ही लाई गई है।

पहले कांट्रेक्टर द्वारा चलाई जाती थी। लेकिन मशीन जिस कंपनी को दी गई थी। उसने वैसी अवस्था में मशीन नहीं दी है,इसमें बहुत खामियां है। इसके संबंध में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश कुमार सिंह को अवगत कराया जा चुका है। इसके बाद महापौर विजय नगर स्थित स्मार्ट कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन पहुंची। वहां देखा कि ट्रांसफर स्टेशन बंद है। बताया गया कि लगभग डेढ़ माह से यहां कार्य बंद है। इसके बाद महापौर मोहन नगर जोन पहुंची। वहां देखा कि शहीद मेजर मोहित शर्मा मेट्रो स्टेशन के सामने कुछ ठेले वाले कूड़ा डाल रहे है। महापौर ने इन्हें मौके पर पकड़ा और पूछा तो बताया कि प्राइवेट कूड़ा उठाया जा रहा है। ओयो होटल एवं अन्य स्थानों का है। महापौर ने मौके पर सफाई निरीक्षक को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। महापौर ने निरीक्षण के दौरान देखा कि बहुत से स्थानों पर सड़क जर्जर हालत में है। इसका निर्माण होना आवश्यक है। महापौर ने ए ब्लॉक मवई,संडे बाजार रोड शालीमार गार्डन, राजेंद्र नगर मेन रोड का निर्माण करने के लिए मौके पर ही चीफ इंजीनियर एनके चौधरी को निर्देश दिए।