मेयर-नगर आयुक्त ने 64 वेंडिंग जोन अवंटियों को वितरित की चाबी

गाजियाबाद। नगर निगम ने ठेली-पटरी व्यापारियों की सुविधाओं को बढ़ाते हुए तथा शहर वासियों की सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या का समाधान करते हुए वसुंधरा जोन में गुरूवार को 64 ठेली-पटरी व्यापारियों को वेंडिंग जोन चाबी वितरित की। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने ठेली पटरी व्यापारियों के उनके व्यापार के लिए शुभकामना देते हुए कहा कि वेंडिंग जोन स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को सड़क पर फैले अतिक्रमण से निजात मिलेगी। इसके साथ ही व्यापारियों को भी व्यापार करने में सहूलियत मिलेगी। फूल, फल, बर्तन, कपड़े, स्टेशनरी सामान तथा अन्य ऐसे व्यापारी जो ठेली पटरी लगाकर अपना व्यापार चलाते हैं। अब उनको व्यापार करने के लिए फुटपाथ पर नही बैठना पड़ेगा।
वेंडिंग जोन के बनने से ना केवल दुकानदारों को ही लाभ प्राप्त होगा बल्कि वहां पर रहने वाले निवासियों को भी सड़क से अतिक्रमण व जाम से मुक्ति मिलेगी। इस कार्य में पार्षदों का विशेष सहयोग इस योजना में नगर निगम को प्राप्त हुआ है। जल्द ही शहर के अन्य स्थानों पर भी इसी तरह वेंडिग जोन लगाए जाएंगे। जिसकी योजना पूर्ण रूप से वृद्ध स्तर पर बनाई जा रही है, नगर आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारी को अन्य स्थानों पर भी शीघ्र वेंडिंग जोन बनाने के लिए निर्देशित किया गया है। ताकि शहर में सुंदर और बेहतर कार्य शहर वासियों के हित में किए जा सकें। इस मौके पर पार्षद आशा भाटी,पार्षद पति नरेश भाटी, जोनल प्रभारी सुनील राय, उद्यान प्रभारी डॉ अनुज सिंह, अधिशाषी अभियंता अनिल त्यागी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।