इंदिरापुरम में मेट्रो विस्तार की मांग, व्यापारियों ने की बैठक
गाजियाबाद। इंदिरापुरम गाजियाबाद की एनसीआर की एक बहुत ही खूबसूरत कालोनी है। दिल्ली के निकट होने के कारण यहां पर ज्यादातर नौकरी पेशा लोग दिल्ली में कार्यरत है और रोज ही उन लोगों को तथा यहां व्यापार करने वाले लोगों को दिल्ली और आसपास में जाना पड़ता है। जिसके कारण उनको यहां पर मेट्रो की सुविधा ना होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार को व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम द्वारा मेट्रो विस्तार को लेकर शुक्र चौक गुप्ता एसोसिएटस पर बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संयोजक प्रदीप गुप्ता ने कहा वर्ष 2011 में इंदिरापुरम तक मेट्रो विस्तार के लिए पिलर खड़ा कर दिया गया था। 2 करोड़ रुपये का इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार हुई। लेकिन 11 वर्ष बाद भी कार्य शुरु नही किया गया। जबकि इंदिरापुरम से दिल्ली एनसीआर में जाने वाले करीब ढाई लाख से अधिक नौकरीपेशा लोगों को मेट्रो की जरुरत है। मोहन नगर से वैशाली तक रोपवे प्रोजेक्ट जीडीए ने फाइनल किया है। लेकिन रोपवे प्रोजेक्ट मेट्रो का विकल्प नहीं हो सकता है।
इंदिरापुरमए वैशाली और वसुंधरा से रोज ढाई लाख से ज्यादा नौकरीपेशा लोग नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद जाते हैं। जिसके लिए रोपवे पर्याप्त नहीं है। लोगों के लिए रोपवे के मुकाबले मेट्रो अधिक सुरक्षित है। रोपवे से दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के लिए सीधी कनेक्टिविटी नहीं मिल सकेगी। रोपवे में 500 करोड़ रुपये खर्च कर महज दस साल के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी। मगर मेट्रो की सुविधा कई पीढिय़ों के लिए होगी। प्रदीप गुप्ता ने बताया बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र भी लिखा गया। जिसे डाक द्वारा भेजा जाएगा। दिए गये पत्र में उन्होंने जल्द से जल्द मेट्रो का विस्तार के लिए विचार करने का अनुरोध किया। जिससे गरीब लोगों को भी इसका लाभ मिल सकें। इस मौके पर अध्यक्ष सोमदत्त त्यागी, साकेत गोयल, विनीत सिंघल, राहुल अग्रवाल, आरके अग्रवाल, आशुतोष सिंगल, एसके गर्ग आदि लोग उपस्थित रहे।
















