उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण काल के चलते शहीद स्थल न्यू बस अड्डा रेड लाइन पर गुरूवार को आखिर 172 दिन बाद मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू हो गया। मेट्रो का संचालन शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिल गई है। बस अड्डा मेट्रो स्टेशन से सुबह सात बजे से 11 बजे ओर शाम को चार से 8 बजे संचालन किया गया। जबकि 12 सितंबर से संचालन का समय सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा। मेट्रो टे्रन रेड लाइन,वॉयलेट लाइन, ग्रीन लाइन पर 172 दिन बाद मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद मात्र चार घंटे में ही करीब 47,600 यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। कोरोना की वजह से 172 दिन तक सेवा बंद रहने के बाद दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन गुरुवार को सेवा बहाल कर दी गई।येलो लाइन और रैपिड मेट्रो लाइन वैशाली पर बुधवार को सेवा शुरू की गई थी। अधिकतर लाइनों पर मेट्रो सेवा बहाल होने से अब यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है। सुबह चार घंटे में कुल 47,600 यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया। कई जगह आज सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तार-तार होते हुए भी देखे गए,हालांकि अधिकतर जगहों पर इसका पालन सख्ती से हो रहा है। मेट्रो ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद इस रूट पर पडऩे वाले सभी आठ स्टेशन यात्रियों के लिए तैयार हैं। बुधवार को सभी स्टेशनों को सैनिटाइज किया गया और स्टेशनों के आसपास नगर निगम ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद मेट्रो ट्रेन संचालन को लेकर संबंधित विभागों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रेड लाइन शहीद स्थल से रिठाला दिल्ली तक जाती है। इस रूट पर जिले में आठ स्टेशन शहीद स्थल(नया बस अड्डा),हिंडन रिवर,अर्थला,मोहन नगर,श्याम पार्क,मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर,राजबाग,शहीद नगर हैं। इन सभी स्टेशनों पर व्यवस्था पूरी की गई। मेट्रो में सफर के दौरान प्रत्येक कोच में 50 से अधिक सवारी सफर नहीं कर सकेंगे। मेट्रो स्टेशन में प्रवेश के दौरान हाथों को सैनिटाइज कर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। शरीर का तापमान अधिक होने पर यात्री को सफर की अनुमति नहीं होगी। बिना मास्क के यात्रियों को स्टेशन व मेट्रो में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मेट्रो संचालन के दौरान स्टेशन व आसपास भीड़ एकत्र न हो। इसके लिए पुलिस व सिविल डिफेंस के वार्डनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शहीद स्थल न्यू बस अड्डा मेट्रो स्टेशन से मेट्रो का संचालन शुरू हो गया हैं। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
फोटो न: 2
















