गाजियाबाद में बोले मोदी के मंत्री साढ़े तीन घंटे में पूरी होगी लखनऊ से दिल्ली की दूरी

-डबल इंजन सरकार से राजमार्गों के क्षेत्र में आई क्रांति: केशव प्रसाद मौर्य
-इंटेलीजेंट ट्रैफिक सिस्टम कंट्रोल रूम का केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया शुभारंभ

गाजियाबाद। दिल्ली से लखनऊ के बीच ग्रीन हाईवे एक्सप्रेस बनाया जाएगा। जिसके बनते ही दिल्ली से लखनऊ के बीच की दूरी मात्र साढ़े तीन घंटे के अंदर पूरी हो सकेगी। पहले चरण में कानपुर से लखनऊ के बीच बनने वाले ग्रीन हाईवे का अगले 10 दिन में भूमि पूजन होगा। इसके साथ ही अगले पांच सालों में उत्तर प्रदेश में 5 लाख करोड़ की लागत से राजमार्गों का निर्माण किया जाएगा। गुरूवार को डासना में इंटेलीजेंट ट्रैफिक सिस्टम कंट्रोल रूम (आईटीएस) का केंद्रीय मंत्री सड़क एवं परिवहन भारत सरकार नितिन गडकरी ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, एसएसपी पवन कुमार, मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल एवं एनएचएआई के अधिकारियों की मौजूदगी में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे डासना स्थित इंटिग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम (आईटीएस) का फीता काटकर लोकार्पण किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा देश में ये पहला ऐसा ट्रेफिक मॉनिटरिंग सेंट्रल बिल्डिंग है जोकि गाजियाबाद के डासना में बनाई गई है। इसके जरिए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर होने वाली हर एक्टिविटी पर बारीकी से नजर रखी जा सकेगी। ताकि इन दोनों एक्सप्रेस वे पर जनता को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके। हम लोग एक नया एक्सप्रेस-वे बनाने जा रहे हैं जिससे कि दिल्ली से लखनऊ की दूरी मात्र 3: 30 घंटे में पूरी की जा सकेगी। इसका शिलान्यास अगले 10-12 दिन में कर दिया जाएगा। जिसके लिए केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और यहां के सांसद वीके सिंह द्वारा गाजियाबाद का चहुमुखी विकास हो रहा है।

ईस्टर्न पेरिफेरल के पास शिफ्ट होंगे औद्योगिक क्षेत्रगाजियाबाद आबादी में चल रहे औद्योगिक क्षेत्र ईस्टर्न पेरिफेरल के पास शिफ्ट किए जाएंगे। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ईस्टर्न पेरिफेरल के पास जमीन तलाश कर रहा है। नितिन गडकरी ने कहा कि कोविड के कारण कई बुनियादी परियोजनाओं में देरी हुई, लेकिन अब हम उस पर तेजी से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और अगले पांच साल में पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना लक्ष्य है। टोल से आय अगले तीन साल में बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपए होगी। गौरतलब है कि नितिन गडकरी ने कहा था कि एनएचएआई की टोल टैक्स से होने वाली आय अगले तीन साल में 40 हजार करोड़ रुपए सालाना से बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपए प्रति वर्ष हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर है क्योंकि भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ रहा है। इसके साथ ही हर साल यातायात में भी वृद्धि हो रही है। गडकरी ने कहा कि एनएचएआई की वर्तमान में सालाना पथकर आय 40 हजार करोड़ रुपए है।

डबल इंजन की सरकार में 6 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण
उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश केशव प्रसाद मौर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार में 2017 से लेकर अब तक अतिरिक्त 6 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कराया गया है जो अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा की दिल्ली से मेरठ का सफर मात्र 50 मिनट में पूरा करना पहले एक सपना सा लगता था, मगर अब वह सपना साकार हो गया है। यह डबल इंजन की सरकार की वजह से ही प्रदेश की जनता को स्पेशल की सौगात मिल रही है। डबल इंजन सरकार से राजमार्गों के क्षेत्र में एक क्रांति आई है। उन्होंने बताया कि इस सिस्टम की खासियत यह है कि इसमें तकरीबन डेढ़ सौ से अधिक कैमरे लगे हुए है जो की इस एक्सप्रेस वे पर पूरी तरह से निगरानी करेंगे। पूरे एक्सप्रेस पर कहीं भी कोई घटना घटित होती है तो कैमरे के माध्यम से यह सूचना हमारे सिस्टम तक आ जाएगी। जिसको कि हम जल्द से जल्द दूर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि 2022 एवं इसके बाद भी प्रदेश के लोगों को डबल इंजन सरकार का लाभ मिलता रहेगा।

दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहां कि इस सिस्टम की खासियत यह है कि ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे दोनों को एक साथ इस सिस्टम से मॉनिटर किया जा सकता है। जिससे कि दुर्घटनाओं को कम करके बेहतर तरीके से ट्रैफिक को कंट्रोल किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि सभी एक्सप्रेसवे को आपस में कनेक्ट किया जायेगा, इसमें ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से यमुना एक्सप्रेस वे भी शामिल है।