सांसद ने धरने में शामिल होकर ग्रामीणों का समर्थन किया
एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कीउदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। बाईपास में अंडरपास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों का समर्थन करने पहुंचे बसपा सांसद धरने में शामिल हुए, जिन्होंने ग्रामीणों की मांग को पूरी तरह वाजिब बताते हुए एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता की। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के जंगल से होकर बनाए जा रहे नेशनल हाईवे के बाईपास में तीन किलोमीटर दूर अंडरपास दिए जाने से ग्रामीण बुरी तरह नाराज चल रहे हैं, जो किसान संघर्ष समिति और भाकियू भानु के साथ मिलकर अपनी अनदेखी के विरोध में मंगलवार को 32 वें दिन भी धरने पर बैठे। आंदोलन का समर्थन करने आए क्षेत्रीय बसपा सांसद कुंवर दानिश अली ने धरने में शामिल होकर ग्रामीणों की मांग को पूरी तरह वाजिब बताया। इसके उपरांत धरना स्थल पर ही सांसद ने एनएचएआई के चेयरमैन, डायरेक्टर और परियोजना निदेशक से मोबाइल पर वार्ता की, जिसमें सांसद ने ग्रामीणों की मांग को पूरी तरह सही ठहराते हुए तीन किलोमीटर की बजाए गांव के पास ही अंडरपास दिलाए जाने की बात कही। सांसद ने कहा कि अगर गांव की बजाए तीन किलोमीटर दूरी पर अंडरपास दिया जाता है तो ग्रामीणों को आावगमन और किसानों के खेतों में आने जाने के दौरान कई मील लंबा फेर काटने को मजबूर होना पड़ेगा, इसलिए ग्रामीणों की जनहित से जुड़ी इस मांग को अविलंब स्वीकार किया जाना बेहद जरूरी है। सांसद ने बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब दिया है, परंतु इसके बाद भी अगर ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं की गई तो फिर केंद्रीय परिवहन मंत्री से भेंट कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। भाकियू जिलाध्यक्ष पवन हूण, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुबीश त्यागी, जिला संरक्षक अजय त्यागी, जितेंद्र नागर, राहत तालिब, प्रधान मंसूर, कमाल खां, रतनवीर त्यागी, इकबाल त्यागी, हाजी फारूक, इंतजार, इमरान, नरेंद्र त्यागी, सचिन त्यागी, मुबारिक अली, चेयरमैन तसव्वर चौहान, अशोक त्यागी समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
















