MSME मंत्री ने गाजियाबाद में चरखा चलाकर दिया लघु उद्योगों को बढ़ाने का मंत्र

-सामानों की प्रदर्शनी से खादी ग्रामोद्योग को मिलेगा बढ़ावा: भानु प्रताप वर्मा
-15 दिवसीय खादी उत्सव 7 राज्यों के 86 जनपदों उद्यमियों ने लिया भाग
-खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए 41 लाभार्थियों को बांटे गये चेक, 5 को मिला टूल किट

गाजियाबाद। कोरोना संकट टलने के साथ आम जनजीवन सामान्य होने के साथ ही गतिविधियां शुरू हो गई हैं। दो साल के इंतजार के बाद कविनगर स्थित रामलीला मैदान में 15 दिवसीय ‘खादी उत्सव-2021 का मंगलवार शाम को केंद्र सरकार के MSME राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने राज्य सभा सांसद डॉ0 अनिल अग्रवाल, राज्य स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग की मौजूदगी में उद्घाटन करते हुए कहा कि खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए सामानों की प्रदर्शनी से इससे बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्टॉल पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विभिन्न स्वरोजगार की योजनाएं संचालित की गई है। इसके लिए गरीब और बेरोजगार लोगों को सरकार ने 5.25 लाख रुपए के लोन का प्रावधान किया है। इस पर 25 से 35 फीसद तक सब्सिडी दे रही है। शहरी क्षेत्र में लान लेकर स्वरोजगार करने वाले लोगों को 25 फीसद की सब्सिडी मिलेगी। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 35 फीसद की सब्सिडी मिलेगी। इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। इसमें कई प्रकार की योजनाएं शामिल हैं। राज्य सभा सांसद डॉ0 अनिल अग्रवाल ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष तौर पर कार्य किया जा रहा है। स्वरोजगार करने वाले लोगों को अवसर भी दिया गया है। खादी उत्सव के दौरान सभी लोग अपने द्वारा बनाए गए सामान का प्रदर्शन कर सकें। इससे आमजन को जानकारी मिलेगी। इससे स्वरोजगार करने वालों का भी मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उत्सव मेले का उद्देश्य सरकार द्वारा दी गई सभी स्वरोजगार योजनाओं का आम लोगों के सामने लाना है। MSME राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह, राज्यमंत्री अतुल गर्ग एवं राज्यसभा सांसद ने खादी एवं ग्राम उद्योग की पहचान चरखा उत्पाद मंच पर चलाया। खादी एवं ग्रामोद्योग से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनी में आए हुए उद्यमियों लाभार्थियों एवं विद्यार्थियों को संबोधित किया गया। खादी उत्सव की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए लघु उद्योग एवं आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की ओर उत्साहित किया एवं केंद्र सरकार से इसके लिए जितना भी सहयोग अपेक्षित है उसके लिए स्वयं को पूर्ण रूप से समर्पित होने का वचन दिया। खादी उत्सव में लखनऊ की चिकनकारी, सहारनपुर की लकड़ी का सामान, खुर्जा की पॉटरी, बनारस की साडिय़ां, टोकरी बुनकर, मुरादाबाद का पीतल का सामान, आचार मुरब्बा, शुद्ध शहद विभिन्न विभागों एवं प्रदेशों की स्टाल तथा मुख्य रूप से खादी से बने कपड़े, साडिय़ां, चादरों आदि की स्टॉल लगाई गई हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला खादी उत्सव 15 दिन यानि कि 18 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह है। खादी की पहचान को मजबूती और बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग की ओर से कविनगर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले 15 दिवसीय ‘खादी उत्सव-2021 शुरू किया गया हैं। जिला ग्राम उद्योग अधिकारी संजय श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त प्रदर्शनी में भारत के 7 राज्यों के 86 जनपदों के उद्यमियों ने प्रतिभाग किया है। जिसमें खादी एवं एक जनपद एक उत्पाद से संबंधित विभिन्न उत्पादों की 150 स्टॉल लगाई गई। खादी एवं ग्रामोद्योग द्वारा संचालित माटी कला योजना के अंतर्गत 31 लाभार्थियों को चेक वितरित किए, जिससे वे मिट्टी के बर्तनों का इलेक्ट्रॉनिक तरीके से निर्माण कर सकते हैं एवं अपना स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त खादी एवं ग्रामोद्योग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना एवं मुख्यमंत्री ग्रामद्योग योजना के अंतर्गत 3 लाभार्थियों रिंकी गोयल को 5 लाख, अजय कुमार को 24.47 लाख, पुनीत कुमार को 5.30 लाख एवं 2 लाभार्थियों चेतन को 5 लाख एवं पुनीत गर्ग को 10 लाख का ऋण चेक वितरण किया गया। 5 लाभार्थियों को टूल किट प्रदान की गई। जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना अंतर्गत मेघा सिंह और कुमार अभय को 10-10 लाख धनराशि के ऋण चेक वितरित किए गए। एक जनपद एक उत्पाद योजना अंतर्गत विकास छाबड़ा, राजवीर तथा सुंदर पाल को 12 लाख तथा 10 लाख के ऋण वितरण चेक प्रदान किए गए। इस मौके पर जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश, नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर, सीडीओ अस्मिता लाल, एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास, एडीएम सिटी बिपिन कुमार, एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी गौरव दयाल आदि अधिकारियों की मौजूद रहे।