हाउस टैक्स बढ़ोतरी के मुद्दे पर पार्षदों ने किया हंगामा
पार्किंग घोटाले को लेकर नगर निगम के बाबू पर लगाए गंभीर आरोप
मेयर के बड़े भाई और भाजपा पार्षद अनिल स्वामी ने कहा गाजियाबाद से अधिक टोरंटो में है उनका सम्मान
गाजियाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक में सोमवार पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। पार्षदों ने हाउस टैक्स और विज्ञापन घोटाले का मुद्दा जोर-शोर से उठाकर संबंधित अधिकारियों को घेरने की हरसंभव कोशिश की। वार्डों में विकास कार्य न होने पर भी शोर-शराबा किया गया। हिंदी भवन लोहिया नगर में सुबह 11 बजे महापौर आशा शर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक की शुरूआत हुई। चोटिल हैं। उनके पांव और माथे पर चोट लगी है। हंगामा किए जाने पर महापौर ने पार्षदों को नियमावली पढ़कर आने की नसीहत दी।
बैठक में पार्षद अनिल स्वामी, राजीव शर्मा, मनोज चौधरी, अजय शर्मा, हिमांशु मित्तल आदि ने हाउस टैक्स में चोरी किए जाने का आरोप लगाया। पार्षद आनंद चौधरी ने पार्किंग के नाम पर खेल होने और कुछ क्षेत्रों में अवैध रूप से पार्किंग संचालित होने का मुद्दा उठाया। प्रत्येक जोन में टैक्स में चोरी होने का आरोप लगाया गया है।
कविनगर के जोनल प्रभारी हरिकिशन गुप्ता को पार्षद राजीव शर्मा ने कटघरे में खड़ा किया। पार्षद का आरोप है कि जोनल प्रभारी कई औद्योगिक इकाइयों पर टैक्स नहीं लगाते हैं। वहां से अवैध उगाही की जाती है। इस पर महापौर आशा शर्मा ने भी कहा कि जोनल प्रभारी उनकी बातों को भी गंभीरता से नहीं लेते हैं। इसलिए उन्हें प्रोटोकॉल तोडऩा पड़ता है। अतिक्रमण हटवाने के लिए खुद मछली बाजार और अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है।
पार्षद राजीव शर्मा ने आरोप मढ़ा कि कविनगर जोन में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार किया जा रहा है। पार्षद मनोज चौधरी ने पथ प्रकाश व्यवस्था व कूड़ा निस्तारण में भी भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया। पार्षद हिमांशु लव ने कहा कि पब्लिक स्कूल फीस माफ नहीं करते हैं, मगर नगर निगम द्वारा उन पर हाउस टैक्स नहीं लगाया जाता है।
जबकि उन पर व्यावसायिक दृष्टि से हाउस टैक्स लगाया जाना चाहिए। पार्षद आनंद चौधरी ने पार्किंग में भ्रष्टाचार और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला उठाया। पार्षदों ने बजट पर सवाल खड़े किए। वहीं, सर्किल रेट के आधार पर सभी पार्षदों ने टैक्स नहीं बढ़ाने का विरोध किया।
आय बढ़ाने के लिए उन संपत्तियों पर टैक्स लगाने की मांग की है जिन पर टैक्स नहीं लगाया गया है। महापौर ने भी ऐसा करने के लिए कहा है। सदन में खड़े होकर महापौर के बड़े भाई वरिष्ठ पार्षद अनिल स्वामी ने जब कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और वह कुछ समय बाद ही सदन से चले जाएंगे। आखिर में निजी कारण बताकर बताया कि वह अपने बच्चों के पास टोरंटो जा रहे हैं तो पूरे सदन में एकाएक कौतूहल जाग गया। कनाडा में टोरंटो शहर के बारे में जिक्र कर उन्होंने कहा कि वहां पर पार्षद बड़ी हस्ती है और वहां जितना उसका सम्मान है, उसका आधा भी सम्मान यहां नहीं है।
वहां पार्षद को बिजली-पानी के साथ पुलिसिंग व्यवस्था की भी जिम्मेदारी है। बोर्ड बैठक में म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर, सदन सचिव प्रमोद कुमार, अपर नगरायुक्त आरएन पांडेय, शिव पूजन यादव, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, जलकल विभाग के जीएम योगेश श्रीवास्तव, डॉ. अनुज कुमार सिंह, सहायक लेखा अधिकारी जेपी सिंह, मुख्य नगर लेखा परीक्षक अरुण कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, योगेंद्र सिंह यादव, जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता, सुनील राय, शिव कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।
कंप्यूटर ऑपरेटरों का वेतन बढ़ाने की मांग
पार्षद अनिल स्वामी एवं राजेंद्र त्यागी ने कंप्यूटर ऑपरेटर व बिजली कर्मचारी की सैलरी बढ़ाने की मांग की। पार्षद मनोज चौधरी ने आरोप लगाया कि म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर बगैर बोर्ड और कार्यकारिणी में प्रस्ताव लाए खुद फैसले ले रहे हैं। ऐसे में महापौर और पार्षदों का क्या काम है ? म्युनिसिपल कमिश्नर तंवर ने जवाब दिया कि कंपनी के रेट आए हैं। 12 करोड़ सालभर में लाइट मेंटीनेंस पर खर्च होता है। 50 लाख प्रतिमाह लाइट, सफाई व्यवस्था सदन में प्रस्ताव लाकर कराया जाएगा। पार्षद आनंद चौधरी ने बाबू प्रदीप चौधरी पर कार्रवाई की मांग की। पार्किंग में कहा कि बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में बलराम कसाना, आरडीसी और नेहरूनगर में राजेश यादव के नाम का ठेकेदार अवैध रूप से पार्किंग चला रहा है। यह खेल बंद होना चाहिए। महापौर ने भी इस पर कार्रवाई के लिए कहा। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि इन पार्किंग को जल्द बंद कराया जाएगा। पार्षद अजय शर्मा ने कोर्ट से स्टे लेने और पार्किंग पॉलिसी के नाम पर लूट किए जाने की बात कहीं। नामित पार्षद अर्चना सिंह ने शास्त्री नगर में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। नामित पार्षद प्रदीप चौहान ने महापुरूषों की मूर्तियों का रख-रखाव करने की मांग की। पार्षद राजीव शर्मा ने फैक्ट्रियों का ब्योरा मांगा। सीटीओ संजीव सिन्हा ने कहा कि 180 करोड़ का टैक्स का लक्ष्य है। 25 करोड़ की कविनगर जोन से वसूली हुई।
हाउस टैक्स में वृद्धि का विरोध
बोर्ड बैठक में भाजपा पार्षद अनिल स्वामी, राजेंद्र त्यागी, मनोज चौधरी आदि ने ने टैक्स नहीं बढ़ाए जाने की मांग की। छूटी हुई संपत्तियों पर टैक्स लगाने की मांग की गई। कांग्रेस पार्षद मनोज चौधरी ने 6 करोड रुपए कूड़े के भुगतान को लेकर आपत्ति जताई। राजेंद्र त्यागी ने सदन में कहा कि अगर टैक्स की ही बात चल रही है तो इसके लिए सदन की विशेष बैठक बुलाई जाए, जिसमें सिर्फ चर्चा हो तो इसका जवाब देते हुए महापौर ने कहा कि 7 मार्च को बैठक बुलाई जाएगी। इसमें सभी बिंदुओं पर अलग से चर्चा होगी।
1015 करोड़ रूपए का बजट प्रस्ताव पास
गाजियाबाद नगर निगम की बोर्ड बैठक में 1015 करोड़ का बजट पास किया गया। मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर की मौजूदगी में सहायक लेखाधिकारी जेपी सिंह ने सदन में बजट प्रस्ताव रखा। सभी पार्षदों की सहमति के बाद प्रस्ताव पास कर दिया गया। पार्षद राजेंद्र त्यागी ने सदन में बजट पर विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा बोर्ड बैठक में रखे गए करीब 42 प्रस्तावों में वार्डों में विकास कार्यों के पास किए गए। वकीलों का नया पैनल बनाने, विज्ञापन वसूली व पानी आदि से जुड़े प्रस्ताव पास किए गए।
















