नोएडा के डीएम को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने दी बधाई

महेंद्र सिंह ने ट्वीट कर आईएएस अधिकारी की प्रशंसा की

गाजियाबाद। टोक्यो पैरालंपिक में बैडमिंटन प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर खिलाड़ी और आईएएस अधिकारी सुहास एल वाई ने देश का नाम रोशन कर दिया है। इसके लिए उन्हें निरंतर बधाइयां मिल रही हैं। इसी क्रम में अब नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने सुहास एल वाई को बधाई दी है। नगरायुक्त तंवर ने ट्वीट कर उनकी सफलता को सराहा है। इस ट्वीट को काफी पसंद किया जा रहा है। नगरायुक्त का कहना है कि आईएएस अधिकारी सुहास एल वाई की काबिलियत वाकई प्रशंसनीय है।

टोक्यो पैरालंपिक में अपने प्रदर्शन से उन्होंने न सिर्फ देश का नाम रोशन किया है बल्कि देशवासियों के चेहरे पर भी खुशी ला दी है। वह बेहद काबिल एवं मेहनती अधिकारी भी हैं। बता दें कि सुहास एल वाई वर्तमान में जनपद गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी हैं। टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने के लिए कुछ दिन पहले वह विदेश गए थे। पैरालंपिक में बेहतरी प्रदर्शन करने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी। उन्हें बैडमिंटन से खासा लगाव है। टोक्यो पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले वह देश के पहले भारतीय प्रशासनिक अधिकारी बन गए हैं। 2016 से सुहास ने अंतरराष्ट्रीय मैच की शुरुआत की थी। शुरूआत में वह चीन में बैंडमिंटन प्रतियोगिता में में अपना पहला मैच हार गए थे, मगर इससे उनके इरादों में कोई बदलाव नहीं आया।

सुहास एल वाई दाहिने पैर से दिव्यांग हैं। कर्नाटक के छोटे से शहर में जन्में सुहास को बचपन से खेल खेलना पसंद था। बचपन में वह क्रिकेट के शौकीन थे। 2007 में वह यूपी कैडर से आईएएस अधिकारी बन गए थे। उन्हें पहली तैनाती आगरा में मिली। इसके बाद जौनपुर, सोनभद्र, आजमगढ़, हाथरस, महाराजगंज प्रयागराज और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी हैं। बैडमिंटन की विश्व रैंकिंग में वह तीसरे नंबर पर हैं। आईएएस अधिकारी सुहास एल वाई की पत्नी ऋतु सुहास गाजियाबाद में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उन्हें बधाई दे चुके हैं।