नगर आयुक्त ने समाप्त कराई निगम कर्मचारियों की हड़ताल

-कर्मचारियों की हर समस्या का प्रमुखता से होगा निस्तारण: डॉ नितिन गौड़

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में पिछले तीन दिन से चल रहे नगर निगम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार आंदोलन नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ की कार्यकुशलता से शुक्रवार को समाप्त हो गया। हालांकि नगर निगम कर्मचारियों का आंदोलन गुरुवार शाम को ही समाप्त हो गया था। मगर इसकी अधिकारिक घोषणा शुक्रवार सुबह की गई। हड़ताल खत्म होने के बाद शुक्रवार को कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर आयुक्त का धन्यवाद ताली बजाकर किया।

नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि नगर निगम कर्मचारी संघ की 17 मांगों पर गुरुवार शाम को कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा की गई और सभी मांगों पर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। जिस पर नगर निगम कर्मचारी संघ ने अपनी सहमति जताते हुए कार्यवाही कराने के लिए निवेदन किया। कार्यवाही रिपोर्ट समय-समय पर नगर निगम संघ को उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

शुक्रवार सुबह नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में नगर आयुक्त द्वारा समस्त कर्मचारियों को संबोधित किया गया और अपने-अपने कार्य क्षेत्र में जाकर बेहतर कार्य करते हुए नगर निगम को पूर्व की भांति नंबर वन बनाए रखने की अपील की। नगर आयुक्त ने कहा कि कर्मचारियों की उत्साहित और खुशी वाले चेहरे नगर निगम के लिए एनर्जी का कार्य करते हैं। इसको बनाए रखना पहला कार्य है, इस प्रकार हड़ताल समाप्त कराई गई। क्योंकि शहर की सफाई व्यवस्था और उसके विकास में आप सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आपके कुशल कार्य के चलते ही नगर निगम नंबर वन है। नगर निगम का हरेक कर्मचारी व अधिकारी एक परिवार की तरह है। कोई भी समस्या हो तो बिना संकोच किए आकर मुझसे मिले, आपकी समस्या का बिना देरी किए निस्तारण किया जाएगा। मगर हमें अपने कर्तव्यों को समझना होगा। जब तक हम अपने कर्तव्यों को नही समझेंगे तब तक नगर निगम का कोई भी कार्य संपन्न नही हो सकता है। हर समस्या का हल बात करने पर ही निकलता है, बिना बात किए किसी भी समस्या का समाधान कैसे संभव है। नगर आयुक्त की बातों को सुनकर नगर निगम के कर्मचारियों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया।

रविंद्र कुमार अध्यक्ष ने बताया कि बिंदुवार वार्ता के दौरान सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें नगर आयुक्त सभी मांगों के लिए अधिकारियों को टाइम बाउंड करते हुए कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए है। ललित त्यागी प्रदेश अध्यक्ष स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन उत्तर प्रदेश, सुभाष शर्मा प्रांतीय संरक्षण स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन उत्तर प्रदेश का धन्यवाद जताया गया। नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हुई तथा सभी कर्मचारी गण खुशी-खुशी अपने कार्य क्षेत्र में पहुंचे।