मैकेनाइज्ड वाइब्रेटर तकनीक से बन रहीं सड़क निर्माण कार्य को नगर आयुक्त ने परखा

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा पहली बार आईआईटी रूड़की के डिजाइन के आधार पर शहर में कविनगर जोन अंतर्गत बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में रेडी मिक्स कंकरीट (आरएमसी) मैकेनाइज्ड वाइब्रेटर तकनीक से सड़क का निर्माण किया जा रहा है। शनिवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी,अवर अभियंता राजेंद्र कुमार सिंह आदि की मौजूदगी में मौके पर जाकर नई तकनीक से बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता को परखा। नगर आयुक्त ने मौके पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। कविनगर जोन अंतर्गत बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में सड़क नंबर-3 व डायमंड फ्लाईओवर से विवेकानंद नगर तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने औद्योगिक क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए चीफ इंजीनियर व फर्म स्वामी को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने नगर आयुक्त को अवगत कराया कि पहली बार बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र में आरएमसी मैकेनाइज्ड वाइब्रेटर के माध्यम से सड़क का निर्माण किया जा रहा हैं। इसके तहत रोडी मिक्स कंकरीट को  मैकेनाइज्ड वाइब्रेटर मशीन द्वारा कार्य कर रही है। रूड़की आईआईटी के डिजाइन के आधार पर इस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क करीब 900 मीटर लंबी है।

इस सड़क का लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण किया जाएगा। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान प्रशंसा करते हुए कहा कि आगे भी अधिक से अधिक सड़़कों का इस तकनीक के आधार पर निर्माण कराया जाए। वहीं, चीफ इंजीनियर ने बताया कि डायमंड फ्लाईओवर से विवेकानंद नगर तक करीब 1.25 करोड़ रुपए की लागतसे 900 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। महापौर एवं नगर आयुक्त के निर्देशन में सड़कों के बेहतर तरीके से निर्माण कराया जा रहा है। 15वें वित्त आयोग के फंड से इन सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।