जन-चौपाल में म्युनिसिपल कमिश्रर ने सुनी समस्याएं

गाजियाबाद। जन चौपाल में प्राप्त विभिन्न वार्डों की समस्याओं को लेकर अब नगर निगम इनका निस्तारण जल्द कराएगा। सोमवार को म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने वसुंधरा जोन अंतर्गत वार्ड-94 के धु्रव पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, चीफ  इंजीनियर मोइनुद्दीन, जोनल प्रभारी सुनील कुमार राय आदि अधिकारियों एवं पार्षद कुमार माहेश्वरी समेत अन्य पार्षदों की मौजूदगी में वार्डों से संबंधित समस्याओं को सुना। जन चौपाल में म्युनिसिपल कमिश्रर को वार्ड-94, वार्ड-68, वार्ड-97 के पार्षदों ने अपनी-अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

चंद्रनगर में सीवर समस्या के अलावा सीवर,पंपिंग स्टेशन में पंप की संख्या बढ़ाने, पीवीसी पाइप बदलने, पानी की टंकी की रिपेयर करने, कूड़ा निस्तारण करने, लाइट रिपेयर की समस्या से अवगत कराया। वहीं, ब्रिज विहार के नाले की समस्या व सुझाव रखे गए। म्युनिसिपल कमिश्रर महेंद्र सिंह तंवर ने पार्षदों की समस्याएं सुनने के बाद आश्वस्त किया कि वार्डों में जो भी समस्याएं सामने आ रही हैं, उनका जल्द निस्तारण किया जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्रर ने मौके पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। नगर निगम की योजनाओं से अवगत कराते हुए म्युनिसिपल कमिश्रर ने कहा कि रोड डस्ट फ्री के अलावा डंपिंग ग्राउंड और कूड़ा डलावघरों से मुक्त करने के लिए प्लांट में कूड़ा अलग-अलग कर तकनीकी तरीके से निस्तारण कराया जाएगा। जन चौपाल में म्युनिसिपल कमिश्रर एवं अधिकारियों को वसुंधरा जोन क्षेत्र के पार्षदों, आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने प्रशंसा करते हुए धन्यवाद प्रकट किया।