प्लास्टिक एकत्रीकरण एवं पुनर्चक्रण की विस्तार से जानकारी दी
गाजियाबाद। प्लास्टिक मुक्त गाजियाबाद शहर और प्लास्टिक सदुपयोग योजना को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में साझा किया है। उन्होंने प्लास्टिक रिसाइकिल योजना को प्रमुखता से साझा किया। कार्यक्रम में सूबे के नगर विकास मंत्री एके शर्मा के अलावा नगर विकास विभाग के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। नगर विकास मंत्री शर्मा ने भी नगरायुक्त की इस प्लानिंग को काफी सराहा। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि गाजियाबाद शहर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए ठोस प्लानिंग की गई है। नगर विकास मंत्री ने इन योजनाओं पर तेजी से काम करने की सलाह दी।
प्लास्टिक एकत्रीकरण योजना
गाजियाबाद शहर में प्लास्टिक लाओ खाद ले जाओ जैसे अभियान सफल होते दिखाई दे रहे हैं। नगरायुक्त ने बताया कि गाजियाबाद में पार्षदों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों तथा एनजीओ के माध्यम से प्लास्टिक एकत्रीकरण का कार्य जोरों से चल रहा है। इसमें कचरे में निकलने वाली प्लास्टिक को एकत्र किया जा रहा है। प्रलोभन खाद्य का देकर भी प्लास्टिक को सोसाइटियों से एकत्र किया जा रहा है। प्रतिदिन शहर से निकलने वाले कचरे से भी कचरा पृथक्करण अभियान के तहत प्लास्टिक को अलग कर एकत्र किया जा रहा है। गार्बेज फैक्ट्री में एकत्र कचरे से लगभग 90 से 100 टन प्रतिदिन प्लास्टिक एकत्र होता है। जन-जागरूकता अभियान से पर्यावरण में बेहतर सुधार होगा।
प्लास्टिक पुनर्चक्रण योजना
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में सिंगल यूज प्लास्टिक के रिसाइकल के लिए भी कई योजनाएं धरातल पर लाई गई हैं। प्लास्टिक से प्लास्टिक की टाइल, ट्री गार्ड, गमले, सजावट की वस्तुएं तथा आकर्षक चौराहों पर लगे स्टेचू जैसी अन्य वस्तुएं बनाने की योजनाएं चल रही हैं। जन-जागरूकता अभियान चलाकर शहरवासी अपने घर में प्लास्टिक को एकत्र कर उसे उपयोग में ला सकते हैं। जैसे कि प्लास्टिक की बोतलों में प्लांटेशन किया जा सकता है। प्लास्टिक का इस्तेमाल कर कुछ विद्यार्थियों द्वारा भी अपने घर के डेकोरेशन इत्यादि में इस्तेमाल लिया गया है। इसी कड़ी में नगर निगम प्राइवेट प्रतिष्ठानों को साथ में लेकर सीएसआर एक्टिविटी के तहत कार्य कर रहा है, जिसमें कई बड़ी कंपनियां जैसे कि कोको कोला इत्यादि भी सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्र कर रही हैं। इन कार्यों में निगम का अपना कोई खर्च नहीं होगा।
















