गाजियाबाद। जन-शिकायतों के निदान के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। अब ‘संभव कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मंगलवार को शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। इस दौरान खुद नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर मौजूद रहा करेंगे। वह फरियादियों की सुनवाई कर संबंधित शिकायतों का निदान कराएगा। नगर निगम मुख्यालय में प्रत्येक कार्यदिवस में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर जन-शिकायतों की सुनवाई करते हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शिकायतों के निस्तारण पर ध्यान देते हैं। इसी क्रम में अब संभव कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर का कहना है कि पूर्व से जारी नागरिकों की समस्याओं को सुनने के बाद निस्तारण करने का प्रयास सफल रहा है। इसके साथ शहर में कई बेहतर तरीके से कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रात:कालीन जन चौपाल, ऑनलाइन जन-सुनवाई, जोनवार जन-सुनवाई कार्यक्रम के तहत विशेष तौर पर जन-शिकायतों की सुनवाई कर निस्तारण कराया गया। ऑनलाइन जन-सुनवाई कार्यक्रम के तहत फेसबुक के जरिए भी नगरायुक्त ने लाइव होकर नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण किया। प्रात:कालीन जन चौपाल कार्यक्रम में विभिन्न वार्ड क्षेत्रों में जाकर जन चौपाल का आयोजन किया गया।
जन-चौपाल में जन-शिकायतों की सुनवाई की गई। इसमें रोजाना सैकड़ों समस्याओं का निस्तारण कराया गया। जोनल कार्यालयों के अलावा नगरायुक्त ने स्वयं बैठक कर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से सप्ताह में एक बार बैठक की मंत्रणा की। इससे लोगों को काफी राहत मिली। शहरवासियों की शिकायतों का समाधान तत्काल प्रभाव से कराया जाता रहा है। इसी क्रम में अब नगरायुक्त द्वारा संभव कार्यक्रम के तहत तत्काल प्रभाव से शिकायतों का निस्तारण कराया जाएगा।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इसके तहत शिकायतों का समय पर निस्तारण, संतुष्टि एवं समृद्धि के लिए नगर विकास विभाग के मुख्य जन-सुनवाई कार्यक्रम संभव के अनुसार 14 जून यानि मंगलवार को सुबह 10 बजे से 2 बजे तक नगर निगम मुख्यालय में वह शहर की जनता से रूबरू होंगे। इसमें संबंधित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ सुझाव लेने के बाद उनका निस्तारण किया जा सके।
















