– शांत स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे अरुण कुमार मिश्रा
– रविवार सुबह 11:30 बजे हिण्डन मोक्ष घाट पर होगा अंतिम संस्कार, अंतिम यात्रा लैंड क्राफ्ट गोल्फ लिंक्स से निकलेगी
गाजियाबाद। मुरादाबाद नगर निगम के लेखाधिकारी अरुण कुमार मिश्रा का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। वह गाजियाबाद नगर निगम में भी लेखाधिकारी रहे थे। उनके निधन की खबर से नगर निगम सहित प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। अंतिम यात्रा उनके निवास एक्स-16, लैंड क्राफ्ट, गोल्फ लिंक्स गाजियाबाद से पूर्वान्ह 11 बजे निकलेगी। पूर्वान्ह 11:30 बजे हिण्डन मोक्ष घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अरुण कुमार मिश्रा अपने शांत स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने वित्तीय प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया। सहकर्मियों के अनुसार वे अत्यंत सहयोगी और सकारात्मक सोच रखने वाले अधिकारी थे, जो सदैव मार्गदर्शन के लिए तत्पर रहते थे। उनके असामयिक निधन से प्रशासनिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। सहकर्मियों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
















