गाजियाबाद। नगर निगम की भूमि पर डूंडाहेड़ा गांव में बनाए गए 4 अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया गया है। नगर निगम की टीम ने गुरुवार को म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर यह कार्रवाई की। इस संबंध में विभाग को शिकायत मिली थी। प्रवर्तन प्रभारी कर्नल दीपक शरण, विजय नगर जोनल प्रभारी राजवीर सिंह प्रवर्तन दल के साथ वहांं पहुंचे। 
प्रवर्तन प्रभारी ने बताया कि नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से डूंडाहेड़ा में चारदीवारी कर अवैध रूप से मकान बनाए गए थे। मौके पर जेसीबी मशीन चलाकर चारदीवारी को तोडऩे के बाद अवैध बनाए गए 4 मकानों को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के चलते वहां रहने वाली महिलाओं और लोगों ने विरोध किया, मगर टीम ने उन्हें समझा कर शांत कर दिया। प्रवर्तन प्रभारी ने बताया कि यहां पर पिछले साल 150 एकड़ जमीन कब्जा मुक्त कराई गई थी। लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर 4 मकान बना लिए थे। जिन्हें ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
















