गाजियाबाद। तालाब की जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से बनाए गए मकान को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया। नगर निगम की टीम ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इसके तहत 16.50 करोड़ रुपए की 2340 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। नगर निगम के प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण, कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता, संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ और प्रवर्तन दल की टीम एवं थाना कविनगर पुलिस के साथ महरौली गांव में पहुंंचे।
वहां पर महरौली गांव के खसरा नंबर-726 की तालाब की 2340 वर्ग मीटर जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से पक्के मकान बना लिए गए थे। कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता एवं कर्नल दीपक शरण ने बताया कि गांव महरौली मेें वेब सिटी के पास तालाब की जमीन पर कब्जा कर बनाए गए 5 मकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान महरौली में ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया, मगर पुलिस फोर्स ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। मौके पर टीम ने 2340 वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया। इस जमीन की वर्तमान में करीब 16.50 करोड़ रुपए कीमत है। मौके पर कब्जा मुक्त कराई गई तालाब की जमीन पर तार फेंसिंग कराई जा रही है ताकि दोबारा तालाब जमीन पर कब्जा न किया जा सके।















