नगर निगम गंभीर : दीपावली से पहले शहर में दुरूस्त होंगी व्यवस्थाएं

नामित सदस्यों ने नगरायुक्त के साथ वार्ता की

गाजियाबाद। दीपावली पर्व से पहले शहर में जरूरी व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने के लिए नगर निगम ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके चलते सोमवार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने नामित सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान विभिन्न बिंदुओं पर गंभीरता के साथ चर्चा की गई। वार्ड क्षेत्रों में सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था आदि में सुधार लाने पर जोर दिया गया। नगरायुक्त कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में नामित सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व पर कराए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई।नामित सदस्यों ने शहर की प्रकाश व्यवस्था को मुख्य चौराहों के साथ-साथ आंतरिक गलियों में भी व्यवस्थित करने की अपील की। निर्माण विभाग द्वारा पैच वर्क कराने की कार्रवाई का मामला रखा गया। नगरायुक्त ने प्रकाश और निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि शहर में दीपावली से पूर्व बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा पैच वर्क का कार्य पूर्ण करा लिया जाए। नगरायुक्त तंवर ने नामित सदस्यों को भरोसा दिलाया कि उपरोक्त कार्य ससमय करा लिए जाएंगे।

नामित सदस्यों ने शहर में नियमित रूप से फॉगिंग कराए जारने पर भी जोर दिया।नगरायुक्त ने सभी वार्डों में एंटी लारवा छिड़काव के संबंध में निर्देश दिए। इस मौके पर नामित सदस्य प्रदीप चौहान, सुनीता नागपाल, राजेश शर्मा, सुरेंद्र नागर, देवेंद्र अग्रवाल, मनमोहन सिंह रावत, कपिल वशिष्ठ, कपिल त्यागी, राकेश त्यागी आदि मौजूद रहे। छठ घाटों पर मिलेंगी सुविधाएं
नगर निगम द्वारा शहर में सभी 56 छठ घाटों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहां साफ-सफाई, पेयजल एवं रोशन की पर्याप्त व्यवस्था होगी। पुरबिया जन कल्याण परिषद के महासचिव राकेश तिवारी और अध्यक्ष रीता सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर से मुलाकात की। उन्होंने नगरायुक्त को अवगत कराया कि नगर निगम द्वारा प्रत्येक वर्ष सभी घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, जल छिड़काव व चूना इत्यादि की व्यवस्था सुचारू रूप से की जाती है। उन्होंने इस बार भी छठ घाटों में पर उपरोक्त व्यवस्थाएं करने की मांग की। ऐसे में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नगर निगम सीमांतर्गत सभी छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ घाटों का सौंदर्यीकरण कराने के लिए भी संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया गया है। घाटों पर न केवल सफाई व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं बल्कि पर्व के दौरान लगातार फॉगिंग व्यवस्था तथा एंटी लारवा का छिड़काव कराने की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हिंडन पर मुख्य छठ घाट है। इस घाट पर रंगीन लाइटों की व्यवस्था की जाएगी।