– अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते की बड़ी कार्रवाई
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर द्वारा सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने को लेकर सख्ती बरतने का आदेश देने के बाद से नगर निगम के प्रवर्तन दस्ते की सक्रियता बढ़ गई है। सोमवार को अपर नगरायुक्त आरएन पांडे के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की जमीन को कब्जामुक्त कराया।
सोमवार को प्रवर्तन दस्ते ने कविनगर जोन अंर्तगत वार्ड- 24 स्थित गांव काजीपुरा में नगर निगम की 5 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया। म्युनिसिपल कमिश्नर के आदेश पर अपर नगर आयुक्त एवं संपत्ति प्रभारी आरएन पांडे व प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण के नेतृत्व में प्रवर्तन दस्ते ने मौके पर कार्रवाई की। आरएन पांडे ने बताया कि काजीपुरा में खसरा नंबर-21,174 व 175 की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया। मौके पर पहुंचकर टीम के साथ जेसीबी मशीन को चलाकर यहां पर करीब 5 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। वर्तमान में कब्जामुक्त कराई गई जमीन की करीब 10 करोड़ रुपए कीमत है। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण ने बताया कि जहां भी अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही है वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
———-
















