ईद-उल-अजहा पर कुर्बानी के अपशिष्ट का नगर निगम ने कराया निस्तारण

-ईद पर्व पर ईदगाह, मस्जिदों पर व्यवस्था को संभालने में मुस्तैद रहे अधिकारी

गाजियाबाद। ईद-उल-अजहा पर्व पर सोमवार को ईदगाह, मस्जिदों के आसपास व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम के अधिकारी टीम के साथ मुस्तैद रहे। ईद उल अजहा पर कुर्बानी के अपशिष्ट का टीमों ने तत्काल निस्तारण भी कराया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के निर्देश पर गंगा दशहरा तथा ईद-उल-अजहा पर नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेहतर व्यवस्था की गई थी। अनुष्ठानों को जीरो वेस्ट बनाने पर जोर दिया गया। मस्जिदों, ईदगाह के बाहर तथा अंदर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। पानी का छिड़काव और चूना भी डाला गया था। कुर्बानी वाले स्थलों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करते हुए सफाई कराई गई। वहीं, प्रकाश विभाग द्वारा सभी स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार लाइटों की मरम्मत का कार्य भी कराया गया। गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में आयोजित पियाऊ तथा भंडारे के कार्यक्रमों में सफाई का विशेष ध्यान दिया गया।

गंदगी न फैलाने के लिए लोगों को जागरुक भी किया गया। डस्टबिन का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने तथा सभी अनुष्ठानों को पूर्ण रूप से जीरो वेस्ट बनाने तथा प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रयास भी किया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत ईद-उल-अजहा तथा गंगा दशहरा के अवसर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर स्वास्थ्य विभाग कि महत्वपूर्ण भूमिका रही। कुर्बानी स्थलों पर सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। सफाई मित्रों द्वारा कुर्बानी के अपशिष्ट का निस्तारण भी तेजी से कराया गया। करकश प्लांट के अलावा उचित स्थान को देखते हुए जमीन मेें गड्ढा खोदकर अवशेष को दबाया गया। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में अलग-अलग टीमों द्वारा यह कार्य किया गया।

भंडारों और धार्मिक स्थलों पर प्लास्टिक का उपयोग ना हो। इसका ध्यान रखा गया। इसमें जनप्रतिनिधियों का भी विशेष सहयोग नगर निगम को मिला है। नगर निगम के प्रकाश विभाग,स्वास्थ्य विभाग,जलकल विभाग द्वारा ईद उल-अजहा व गंगा दशहरा पर्व पर कार्ययोजना बनाकर व्यवस्था को संभाला गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.मिथिलेश कुमार सिंह,जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद,सहायक अभियंता आस कुमार,चीफ इंजीनियर निर्माण एनके चौधरी एवं जोनल प्रभारियों ने मौके पर टीमों के साथ व्यवस्थाओं की देखरेख में जुटे रहे। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में प्राथमिकता पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था व पानी का छिड़काव कराया गया। अपशिष्ट उठाने का कार्य भी किया गया।