-ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया होगी सरल, घर बैठे कर सकेंगे बकाया भुगतान
-करदाताओं के समय की बचत के साथ निगम की बढ़ेगी वसूली: नगर आयुक्त
गाजियाबाद। गृहकर जमा करने के लिए भवन स्वामियों को किसी तरह की असुविधा न हो इसके लिए नगर निगम की और लगातार अत्याधुनिक सुविधा मुहैया कराई जा रही है। क्यूआर कोड के माध्यम से गृहकर जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराने के बाद व्हाट्सएप के माध्यम से भी गृहकर जमा करने की सुविधा देने जा रहा है। फरवरी के पहले सप्ताह से बकाया बिलों की जानकारी भवन स्वामियों को व्हाट्सएप के माध्यम से समय- समय पर मिलती रहेगी। साथ ही एक क्लिक पर करदाता अपना बकाया भी जमा कर रसीद भी प्राप्त कर सकेंगे। अब करदाताओं को अपना बिल जमा करने के लिए नगर निगम आने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा आधुनिक तकनीकी को बढ़ावा देते हुए शहर और निगम हित में कई कार्य किए जा रहे है। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा व्हाट्सएप पर हाउस टैक्स बिल भेजने और इस माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया को भी टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए सरल बनाया गया है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया व्हाट्सएप पर नगर निगम का लोगो लगा होगा और ब्लू टिक भी लगा होगा। जागरूक करदाता भुगतान को सुरक्षित वातावरण में करेंगे। मेटा फेसबुक व्हाट्सएप से एग्रीमेंट हुआ है कि वह निगम का लोगों और ब्लू टिक किसी और को कॉपी नहीं करेंगे। व्हाट्सएप के माध्यम से प्राप्त होने वाले नोटिस का भुगतान पूर्ण रूप से सुरक्षित है। सम्मानित करदाताओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए और समय की बचत हो ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप के माध्यम से हाउस टैक्स वसूली प्रक्रिया को प्रारंभ किया जा रहा है। जो कि शहर वासियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी तथा ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा मिलेगा। नगर आयुक्त द्वारा सभी जोनल प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को व्हाट्सएप पर हाउस टैक्स वसूली के लिए जन-जन को जागरूक करने के लिए निर्देश दिए है।
टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत से कार्यवाही करने के लिए कहा गया। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया करदाता 31 मार्च से पूर्व अपना बकाया हाउस टैक्स जमा करते हुए 12 प्रतिशत ब्याज से बच सकेंगे और फरवरी माह में व्हाट्सएप पर हाउस टैक्स बिल भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। आधुनिक तकनीकी का उपयोग करते हुए समस्त कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। पेमेंट गेटवे व अन्य कार्यवाही भी आगामी सप्ताह में पूर्ण की जाएगी। इसके बाद व्हाट्सएप पर बिल भेजने की प्रक्रिया को रफ्तार दी जाएगी। संभवत नगर निगम पहला नगर निगम होगा, जिसमें व्हाट्सएप के माध्यम से बिल भेज कर हाउस टैक्स की वसूली की जाएगी।

















