मॉडल वार्ड के तौर पर 12 वार्डों में सुधार कर रहा नगर निगम

गाजियाबाद। नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के क्रम में शहर के 12 वार्डों को मॉडल वार्ड के रूप में लिया है। इन वार्डों में कचरा पृथक्करण व अन्य जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के नोडल प्रभारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि मेयर आशा शर्मा व नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर 12 वार्ड मॉडल वार्ड के रूप में चयनित किए गए हैं। इन वार्डों में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। वार्ड संख्या-67 संजय नगर सेक्टर- 23 को आत्मनिर्भर वार्ड के रूप में लिया गया है।

इस वार्ड का कचरा वार्ड में ही निस्तारित किया जा रहा है। इस कार्य में नगर निगम टीम का सहयोग पार्षद अजय शर्मा तथा आरडब्ल्यूए पदाधिकारी भी कर रहे हैं। वार्ड को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कचरा पृथक्करण तथा कचरे का निस्तारण की एक्टिविटी वृहद स्तर पर कराई गई। एमआरएफ  तथा विंडो कंपोस्टिंग के माध्यम से सूखा तथा गीला कचरा का निस्तारण किया जा रहा है। वार्ड से बाहर कचरे को नहीं भेजा जा रहा है। नगरायुक्त तंवर ने सेक्टर-23 संजय नगर के नागरिकों को शुभकामनाएं भी दी हैं।

कचरा पृथक्करण की इस कड़ी को लगातार बनाए रखने को मोटिवेट किया गया। कविनगर जोन के वार्ड-67 संजय नगर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के अंतर्गत आत्मनिर्भर वार्ड के रूप मे चुना गया है, जिसमें प्रतिदिन नगर निगम की टीम द्वारा नागरिकों को सूखा, गिला, सेनेटरी बेस्ट एवं घरेलू हानिकारक कचरे के बारे में जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की जा रही है कि स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित वाहन में लगे अलग-अलग भागों में जैसे ग्रीन बिन में गीला कचरा, नीले बिन में सूखा कचरा आदि डालें।

गीले कचरे से खाद बनाई जा रही है एवं होम कंपोस्टिंग की जा रही है। सूखा कचरे को निगम के संग्रहण वाहन में डालकर एमआरएफ सेंटर पर पहुंचाया जा रहा है तथा आत्मनिर्भर वार्ड का गीला कचरा कंपोस्ट पिट द्वारा तथा सूखा कचरा वार्ड के अंतर्गत स्थित एमआरएफ सेंटर पर निस्तारित किया जा रहा है।