सभी 100 वार्डों को मिलेगा लाभ, खर्च होंगे 72 करोड़
गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर के समुचित विकास के लिए अपनी तिजौरी खोल दी है। इसके तहत विकास कार्यों पर 72 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सभी 100 वार्डों के नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा। सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स, गलियों एवं पार्कों की चारदीवारी आदि कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम ने प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए ठेकेदारों से आमंत्रित टेंडर सोमवार को ओपन कर दिए। प्रस्तावित विकास कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने की कोशिश की जाएगी। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर निर्माण विभाग ने वार्ड कोटे के तहत कराए जाने वाले पहले चरण में 413 विकास कार्यों के टेंडर जारी करने के बाद सोमवार को इन्हें खोला गया।
नगर निगम के चीफ इंजीनियर नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि विकास कार्यों के लिए मांगे गए टेंडर सोमवार को खोले गए। इनकी फाइनेंशियल और टेक्नीकल बिड खोले जाने के बाद जल्द ही विकास कार्यों को कराने के लिए ठेकेदारों को वर्कऑर्डर जारी किए जाएंगे। निगम के सभी 100 वार्डों में टूटी सड़कों का निर्माण कराने के अलावा इंटरलॉकिंग टाइल्स,गलियों,पार्कों की बाउंड्रीवाल आदि निर्माण कार्य कराए जाएंगे। पूर्व में इन टेंडरों को खोलने के लिए 9 सितंबर तारीख निर्धारित की गई थी। मगर टेंडर में कम होने के चलते नगर आयुक्त ने इन टेंडरों को खोले जाने के लिए 20 सितंबर की तारीख निर्धारित कर दी है। सोमवार को सभी 100 वार्डों में कराए जाने वाले 413 विकास कार्यों के टेंडर खोले गए। टेंडर प्रक्रिया अब पूरी होने के बाद उम्मीद है कि अक्टूबर माह में ठेकेदारों को वर्कऑर्डर जारी कर कार्यों की शुरूआत हो सकेगी।दरअसल,नगर निगम की जुलाई में हुई बोर्ड बैठक में मार्च 2022 तक हर वार्ड में एक-एक करोड़ रुपए के विकास कार्य कराने का निर्णय लिया गया था।
पहले चरण में सभी 100 वार्ड में 60-60 लाख रुपए के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए सभी 100 वार्डों के पार्षदों से प्रस्ताव लेने के बाद निर्माण विभाग और जलकल विभाग ने अब टेंडर मांगे हैं। नगर निगम का निर्माण विभाग वार्ड कोटे के अलावा करीब 10 करोड़ के अन्य कार्य भी पूरे कराएगा। यह सभी विकास कार्य दीपावली तक पूरे हो जाएंगे।इंटरलॉकिंग टाइल्स से गलियां,डेंस से बनेंगी सड़कें: नगर निगम के निर्माण विभाग द्वारा गलियों में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाएगा।इसके करीब 275 टेंडर जारी किए गए हैं।
वहीं, काली डेंस की करीब 80 सड़कों का पुनर्निमाण कराया जाएगा। इसके अलावा सीसी रोड,आरसीसी नाले व नालियों का निर्माण,पार्कों बाउंड्रीवाल, शौचालयों का निर्माण भी कराए जाएंगे। निगम चीफ इंजीनियर एनके चौधरी ने बताया कि सभी 100 वार्डों में पार्षद वार्ड कोटे के तहत 413 विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए टेंडर की फाइनेंशियल और टेक्नीकल बिड खोली गई।
















