बारिश के प्री मानसून टेस्ट में नगर निगम पास

गाजियाबाद। शहर में मानसून जल्द दस्तक देने वाला है। इसके पहले शुक्रवार को प्री मानसून की बारिश ने मौसम को खुशगवार बना दिया। मूसलाधार बरसात होने के बावजूद शहर में कहीं भी जलभराव की कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई। कुछ स्थानों पर थोड़ा बहुत पानी जरूर भर गया था। ऐसे में बारिश के प्री मानसून टेस्ट में नगर निगम पास हो गया है। दरअसल आगामी मानसून से पहले नगर निगम शहर में सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान दे रखा है। इसके तहत सामान्य सफाई के अलावा छोटे-बड़े नालों की साफ-सफाई कराई जा रही है।

मानसून से पूर्व सफाई व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए, इसके मद्देनजर नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर खुद फील्ड में जाकर कार्य की समीक्षा कर रहे हैं। सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर एवं वसुंधरा जोन में नगरायुक्त समय-समय पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई देते हैं। इसका असर भी अब देखने को मिल रहा है। गुरुवार की देर रात और शुक्रवार की शाम शहर में प्री मानसून की बारिश हुई मूसलाधार बरसात के बाद मौसम में बदलाव आ गया। भीषण गर्मी से नागरिकों को बड़ी राहत मिल गई। इससे बड़ी बात यह रही कि शहर में कहीं भी जलभराव की विकट समस्या उत्पन्न नहीं हो सकी।

कुछेक स्थानों पर थोड़ा बहुत पानी भरने और कीचड़ की समस्या रही। प्री मानसून की बारिश होने पर नगरायुक्त तंवर ने मातहतों को जलभराव पर नजर रखने के निर्देश दे रखे थे। पांचों जोन में जलभराव संबंधित स्थलों के बारे में जानकारी ली गई। नगरायुक्त ने निर्देश दिए थे कि यदि किसी स्थान पर जलभराव की विकट समस्या सामने आती है तो संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर जाकर समस्या का निदान कराएंगे, मगर इसकी भी जरूरत नहीं पड़ी। यानी नगर निगम की मेहनत रंग लाई और शहरवासियों को प्री मानसून की बारिश ने परेशान नहीं किया।