पेयजल संकट से निपटने को नगर निगम तैयार

-प्रभावित क्षेत्रों में 54 टैंकर की व्यवस्था की

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में जलापूर्ति के लिए सभी संसाधनों को व्यवस्थित किया जा रहा है। जिसके क्रम में योगेश श्रीवास्तव जीएम जल से हुई वार्ता के दौरान अवगत कराया गया कि शहर में जिन स्थानों पर जल अभाव है, वहां पर टैंकों के माध्यम से प्रतिदिन जल आपूर्ति कराई जाती है। वर्तमान में जल अभाव क्षेत्रों में 54 टैंकर है, जिनसे नगर निगम जल आपूर्ति का कार्य कर रहा है। शहर में 10 एचपी के 700 नलकूप हैं, जिनमें से 685 वर्तमान में जलापूर्ति शहरवासियों के लिए कर रहे हैं। 15 नलकूपों पर रिबोर का कार्य चल रहा है, जिन्हें शीघ्र रिबोर कर चालू स्थिति में लाकर जल आपूर्ति का कार्य किया जाएगा। बड़े नलकूप 237 शहर में है, जिसमें से 225 नलकूप द्वारा क्षेत्रवासियों को पानी उपलब्ध कराया जाता है तथा 12 बड़े नलकूपों को वर्तमान में रिबोर किया जा रहा है। जल्द उनकी मरम्मत कर क्षेत्रवासियों को जलापूर्ति कराई जाएगी। वसुंधरा जोन के अंतर्गत 18 जोनल पंप स्टेशन हैं, जिनके माध्यम से चंद्र नगर, वैशाली, वसुंधरा, ब्रिज बिहार व अन्य वसुंधरा के अंतर्गत क्षेत्रों में गंगाजल आपूर्ति की जा रही है। 8 जोनल पंप स्टेशन मोहन नगर जोन में स्थित हैं, जिनमें नलकूपों के माध्यम से पानी भर क्षेत्रवासियों को जल आपूर्ति कराई जा रही है। ओवरहेड टैंक 51 हैं, जिनसे शहर वासियों को जलापूर्ति में सहयोग किया जाता है तथा उनके घरों तक जल की व्यवस्था कराई जाती है। जलकल विभाग के जीएम योगेश श्रीवास्तव ने बताया कि तकनीकी समस्या आने पर तत्काल प्रभाव से इसका संज्ञान लेकर टेक्निकल टीम के माध्यम से समाधान किया जाता है। नलकूपों को चलाने का समय निर्धारित है ताकि समय से सभी लोग जल की सुविधा का लाभ उठा सकें और बेवजह पानी सड़कों पर न बहे। पार्षदों द्वारा समय-समय पर अपने क्षेत्रों की समस्याओं के बारे में अवगत कराया जाता है, जिनका भी तत्काल संज्ञान लेकर जलापूर्ति की कार्यवाही की जाती है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों व अन्य जनता द्वारा प्राप्त जल संबंधित किसी भी समस्या का निस्तारण कराने हेतु जोनों में तैनात अवर अभियंता को कॉल कर अवगत करा सकते हैं। मोहन नगर जोन तथा सिटी जोन सेकंड में ओम प्रकाश अवर अभियंता को 8178016830, वसुंधरा जोन में अवर अभियंता सोमेंद्र प्रताप 8178016856 पर कॉल कर अवगत करा सकते हैं। विजयनगर, कवि नगर, सिटी जोन प्रथम व तृतीय में जलापूर्ति की समस्या हेतु अजय कुमार को 8178016854 नंबर पर कॉल कर अवगत करा सकते हैं। सहायक अभियंता आस कुमार 8178016835, योगेंद्र यादव अधिशासी अभियंता 8178018374 पर भी कॉल कर जलकल संबंधित किसी भी समस्या हेतु अवगत करा सकते हैं। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा जनता से भी अपील की गई है कि जल का इस्तेमाल सही प्रकार से करें तथा जल बचाव में सहयोग करें।