महरौली में नगर निगम ने चलाया सफाई अभियान

पांच चरण में दूर की जाएगी तालाबों की बदहाली

गाजियाबाद। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर ग्राम महरौली में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान तालाब व नालों की सफाई की गई। वहां से एकत्र गंदगी को सुरक्षित स्थान पर फेंका गया है। मंगलवार को शहर में इन दिनों नगर निगम ने स्वच्छता अभियान छेड़ रखा है। नगर निगम के सिटी, कविनगर, विजय नगर, मोहन नगर और वसुंधरा जोन में नाले-नालियों के अलावा तालाब की भी सफाई कराई जा रही है।

इसी क्रम में विभागीय टीम ने महरौली गांव में स्वच्छता अभियान चलाया। वहां तालाब और नालों की सफाई की गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश के दिशा-निर्देशन में यह अभियान चला। मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर आजकल जन-शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान ले रहे हैं।

मेयर और म्युनिसिपल कमिश्नर ने जन-समस्याओं का समाधान करने के मातहतों को निर्देश दे रखे हैं। नगर निगम का कहना है कि शहर को साफ-सुथरा और खूबसूरत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन को भी इस कार्य में सहयोग करना चाहिए। उधर, म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर मोरटा ग्राम स्थित तलाब की सफाई का कार्य पूर्ण हो गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित तालाबों के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, जोकि 5 चरण में पूर्ण किया जाएगा।

म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि कार्ययोजना के मुताबिक तालाब की गंदगी की सफाई, जलकुंभी को पूरी तरह बाहर निकालना तथा पूर्ण रूप से खत्म करना, पूरे पानी को बाहर निकाल कर तलहटी तक सफाई, सभी तालाब में गिरने वाले जल स्त्रोतों को चैम्बर के माध्यम से फिल्टर कर तालाब में डालना तथा जन चौपाल के माध्यम से आस-पास के लोगों को जल सरंक्षण के संबध में जागरूक करना तथा जन भागीदारी से तालाब को हमेशा-हमेशा के लिए साफ तथा स्वस्थ रखना जैसे कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे। जल्द इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।